उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की मध्य जोन इकाई की उपाध्यक्ष और मशहूर शायर मुनव्वर राना की बेटी उरूसा राना ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू पर शुक्रवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के लखनऊ में धरने के दौरान दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। वहीं, लल्लू ने इन आरोपों को गलत बताया है।
फाइल फोटोसमाचार एजेंसी पीटीआई (भाषा) की रिपोर्ट के मुताबिक, उरूसा राना ने आरोप लगाया कि जब वह गांधी प्रतिमा के सामने धरना प्रदर्शन से पहले प्रियंका का अभिवादन करने उनके नजदीक पहुंचीं तो लल्लू ने उन्हें बेइज्जत करके वहां से चले जाने को कहा। उरूसा ने कहा कि जब लखनऊ में संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के खिलाफ प्रदर्शन की बारी थी तब लल्लू उनसे सहयोग मांगते थे। आज जिस तरह उन्होंने बर्ताव किया उससे वह बहुत आहत हैं।
उधर, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने उरूसा के आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं हुआ था। उरूसा पार्टी की सम्मानित पदाधिकारी हैं और उनका अपमान करने का कोई सवाल ही नहीं उठता। लल्लू ने कहा कि बल्कि खुद उन्होंने ही प्रियंका से उरूसा का परिचय कराया था। उरूसा खुद को जहां से हटाए जाने की बात कर रही हैं वहां प्रियंका के अलावा किसी और को नहीं बैठना था।
शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने शाम को संवाददाताओं से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘उत्तर देश में लोकतंत्र पर हमला हो रहा है और उसके (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) पीछे मोदी जी का हाथ है। वह यहां आकर उन्हें बधाई दे रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘उत्तर प्रदेश में लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है। कल प्रधानमंत्री जी बनारस आए। उन्होंने सबसे पहले योगी जी को प्रमाण पत्र दिया कि कोविड-19 की दूसरी लहर में उन्होंने अच्छा काम किया, जबकि योगी सरकार बुरी तरह विफल साबित हुई थी।’’


















