राष्ट्रीय जनता दल(राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) पर जोरदार हमला बोला है। तेजस्वी यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘जिस गठबंधन में नीतीश कुमार जैसे सहयोगी हो उसे दुश्मनों की जरूरत नही।’
बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने रविवार(1 अप्रैल) को ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘सामाजिक न्याय व दलित-पिछड़ा एकता का BJP से ज़्यादा नुकसान नीतीश कुमार ने किया है। जिस गठबंधन में नीतीश कुमार जैसे सहयोगी हो उसे दुश्मनों की जरूरत नही। कब किसकी पीठ में छुरा घोंप दे कुछ नहीं पता! दुश्मन सामने से लड़ता है लेकिन नीतीश जी जैसे दिखावटी दोस्त पर्दे मे रहकर घात करते है।’
बता दें कि, इससे पहले तेजस्वी ने भागलपुर में हिंसा भड़काने के आरोपी केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बेटे अर्जित शाश्वत के सरेंडर करने को लेकर भी निशाना साधा। तेजस्वी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि, ‘दंगा आरोपी केंद्रीय मंत्री का बेटा मुख्यमंत्री आवास से चंद कदम दूर मंदिर में सरेंडर करता है। उसके सरेंडर को नीतीश कुमार की पार्टी गिरफ्तारी कह रही है। कुछ शर्म करों BJP के हाथों आपने अपनी खादी को तो दाग़दार करवा लिया कम से कम ख़ाकी की ईज्जत तो मत उतारों।’ साथ ही तेजस्वी से अपने ट्वीट में लिखा कि, ‘गृह विभाग CM के पास है।’
वहीं, तेजस्वी ने एक अन्य ट्वीट में लिखा कि, ‘नीतीश चाचा आप इतने असहाय क्यो हो गए है? आप इतने दिनों से अपनी दयनीयता व बेचारगी का सार्वजनिक प्रकटीकरण क्यों कर रहे है? मुझे आपकी चिंता हो रही है? शासन का पूर्णत इक़बाल ख़त्म हो चुका है। एक दरोग़ा तक आपकी बात नहीं सुन रहा है। आपके सहयोगी दल के बड़े नेता आपको भला-बुरा कह रहे है।’
बता दें कि, बिहार के भागलपुर में भड़की सांप्रदायिक हिंसा मामले में मुख्य आरोपी और मोदी सरकार में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे के बेटे अर्जित शाश्वत को रविवार (1 अप्रैल) को कोर्ट ने 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। अर्जित को भागलपुर जेल में ही रखा जाएगा। ख़बरों के मुताबिक, शनिवार (31 मार्च) देर रात पटना पुलिस ने अर्जित को गिरफ्तार किया था। हालांकि, अर्जित का दावा है कि उन्होंने खुद सरेंडर किया है।