जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सैनिकों के गोलीबारी कर तथा मोर्टार दाग सीमावर्ती दर्जनों गांवों और चौकियों को निशाना बनाया गया, जिसमें नौ वर्षीय एक बच्चे और किशोरी की मौत हो गई और नौ अन्य नागरिक घायल हो गए। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय सैनिकों ने सीमा की रक्षा करते हुए प्रभावी रूप से जवाबी कार्रवाई की।
फाइल फोटो।
न्यूज एजेंसी भाषा के मुताबिक, प्रवक्ता ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने ढिगर, केरनी और शाहपुर सेक्टर पर सुबह करीब छह बजकर 50 मिनट पर बिना उकसावे के भारी गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि अलग-अलग गांवों को निशाना बनाकर की गई पाकिस्तानी गोलीबारी में नौ वर्षीय एक बच्चे तथा 15 वर्षीय एक लड़की की मौत हो गई और नौ अन्य नागरिक घायल हुए हैं।
#Visuals: Army vehicle damaged in ceasefire violation by Pakistan in J&K's Poonch. Five injured admitted to district hospital. pic.twitter.com/gAfdprjzQh
— ANI (@ANI) October 2, 2017
मृतक की पहचान मोहल्ला कस्बा के असरार अहमद और ढिगर के केरमा गांव की यासमीन अख्तर के तौर पर हुई है।घायलों में से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रवक्ता ने बताया कि गंभीर रूप से घायल लोगों को विशेष उपचार के लिए यहां सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराने को कहा गया है।
गोलाबारी और गोलाबारी से सीमा पर बसे लोग तनाव में आ गए थे। इस साल पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम उल्लंघन के मामलों में काफी बढ़ोतरी हुई है। सेना के आकंड़ों के मुताबिक एक अगस्त तक पाकिस्तान 285 बार संघर्षविराम का उल्लंघन कर चुका था, जबकि वर्ष 2016 में पूरे साल 228 बार ही संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया था।