“भारत एक ऐसा अनूठा संसदीय लोकतंत्र बन गया है, जहां कोई प्रश्न नहीं पूछा जा सकता”: मोदी सरकार पर बरसे पी चिदंबरम

0

पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने मंगलवार को कहा कि भारत एक ऐसा अनूठा संसदीय लोकतंत्र है जहां कोई प्रश्न नहीं पूछा जाता है और कोई बहस नहीं होती है। लद्दाख में जारी गतिरोध के मुद्दे पर लोकसभा में पार्टी को नहीं बोलने देने के बाद चिदंबरम ने यह टिप्पणी की।

file photo

कांग्रेस नेता पी चिदंबरम ने ट्वीट कर कहा, “भारत आज एक अनूठा संसदीय लोकतंत्र बन गया है,जहां कोई प्रश्न नहीं पूछा जा सकता और जहां कोई बहस की अनुमति नहीं है। भारत आज एक ऐसा अनोखा देश बन गया है, जहाँ ऐसे प्रवासियों का कोई डेटा नहीं है, जो घर वापस आने के बाद लंबे समय तक घर पर रहे या मर गए।”

पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री ने लॉकडाउन के दौरान जान गंवाने वाले प्रवासियों का आंकड़ा उपलब्ध नहीं होने के केंद्र सरकार के बयान पर भी हमला किया।

उन्होंने अपने ट्वीट में आगे कहा, “भारत आज एक अनोखी अर्थव्यवस्था है जहाँ जीडीपी के 1.7 प्रतिशत तक नकद या अनाज हस्तांतरण को ‘पर्याप्त राजकोषीय प्रोत्साहन’ माना जाता है। भारत आज एक चमत्कारिक राष्ट्र है, जहाँ 3 महीने में ‘सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था’ से ‘सबसे तेजी से डूबती विकास’ वाली अर्थव्यवस्था में बदल गई है।”

बता दें कि, पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ सीमा पर जारी गतिरोध पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बयान देने के बाद कांग्रेस को बोलने की अनुमति नहीं दिए जाने से नाराज कांग्रेस के सदस्यों ने मंगलवार को लोकसभा वॉकआउट किया और संसद भवन परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने एकत्र होकर विरोध-प्रदर्शन किया। (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleदिल्ली: BJP कार्यालय में 17 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित
Next articleअनुभव सिन्हा ने BJP सांसद रवि किशन पर साधा निशाना, बोले- भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में अश्लीलता का जहर घोला, उस पर भी थोड़ी बात करें