“इसे कहते हैं ‘Reebok’ दिखा कर ‘Reebuk’ पकड़ाना”: पंजाब के वरिष्ठ अधिकारियों संग अरविंद केजरीवाल की मीटिंग पर भड़का विपक्ष, कांग्रेस नेता ने पूछा- “क्या भगवंत मान सिर्फ नाममात्र के मुख्यमंत्री हैं?”

0

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को पंजाब के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद अब कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। विपक्षी दलों ने केजरीवाल पर दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के जरिए पंजाब चलाने का आरोप लगाया। विपक्ष ने सवाल उठाते हुए पूछा कि, “पंजाब के ‘वरिष्ठ अधिकारी’ क्या अब अरविंद केजरीवाल साहिब के दरबार में हाजरी लगायेंगे?”

अरविंद केजरीवाल
फाइल फोटो

दरअसल, अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली में पंजाब के मुख्य सचिव और पंजाब बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद भगवंत मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई है। जब केजरीवाल अधिकारियों संग बैठक कर रहे थे, तब पंजाब के सीएम भगवंत मान वहां मौजूद नहीं थे। भगवंत मान आज केजरीवाल से मुलाक़ात करेंगे।

पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने मंगलवार को अपने ट्वीट में लिखा, “पंजाब के ‘वरिष्ठ अधिकारी’ क्या अब अरविंद केजरीवाल साहिब के दरबार में हाजरी लगायेंगे? क्या पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जी सिर्फ़ नाममात्र के मुखिया हैं? इसे कहते हैं ‘Reebok’ दिखा कर ‘Reebuk’ पकड़ाना!”

नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने ट्वीट में लिखा, “चलने दो आंधियाँ हकीकत की, न जाने कौन से झोंके से बहरूपियों के मुखौटे उड़ जाएं.. पंजाब के आईएएस अधिकारियों को सीएम भगवंत मान की गैर हाजिरी में अरविंद केजरीवाल ने तलब किया है.. यह डिफैक्टो सीएम और दिल्ली रिमोट कंट्रोल को उजागर करता है। यह संघवाद का स्पष्ट उल्लंघन, पंजाबी गौरव का अपमान है। दोनों को सफाई देनी चाहिए..”

इस मामले में दिल्ली या पंजाब में आम आदमी पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। इस बीच भगवंत मान ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात की है।

[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]

Previous articleयूपी MLC चुनाव: पीएम मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में BJP की हार, निर्दलीय उम्मीदवार ने दर्ज की जीत; समाजवादी पार्टी का सूपड़ा साफ
Next article“भाजपा के बुलडोजर पर तो नफरत और दहशत सवार है”: राहुल गांधी ने महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर सरकार पर बोला हमला