मानवीयता को शर्मसार करने वाली एक घटना उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ी करती है। शुक्रवार को मुजफ्फरनगर में चार व्यक्तियों द्वारा 25 वर्षीय एक महिला के साथ उसके पति और शिशु के सामने ही सामूहिक बलात्कार किया गया। वारदात जिले के भोपा कस्बे के नजदीक हुई।
Photo Courtesy: Dynamite Newsमहिला ने बताया कि बंदूक के दम चार युवकों ने उसे और उसके पति को बंधक बनाया फिर खेत में ले जाकर उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। मामला सामने के बाद पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, मामला थाना भोपा क्षेत्र का है। जहां थाना ककरौली क्षेत्र के गांव ढासरी निवासी अपनी पत्नी और बच्चों के साथ गांव बसेड़ा से दवाई लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे। तभी गंग नहर स्थित निरगाजनी पावर हाउस के निकट कार सवार चार बदमाशों ने उन्हें हथियारों के बल पर रोक लिया।
इसके बाद बदमाशों ने बच्चों को गन प्वाइंट पर लेकर पहले महिला के पति को बंधक बनाया फिर बच्चों को भी बांधकर खेत में डाल दिया। इसके बाद महिला को गन्ने के खेत में ले गए। जहां चारों बदमाशों ने महिला के साथ बारी-बारी से बलात्कार किया।
गांववालों ने पुलिस को जानकारी दी और बाद में महिला को मेडिकल जांच के लिए ले जाया गया। पुलिस ने कहा है कि महिला की मेडिकल रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने कहा है कि आरोपियों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।