ऋतिक रोशन को मुंबई क्राइम ब्रांच ने भेजा समन, कंगना रनौत के साथ ईमेल विवाद में दर्ज होगा बयान

0

बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता ऋतिक रोशन को मुंबई क्राइम ब्रांच ने समन भेजा है, उन्हें यह समन अभिनेत्री कंगना रनौत से जुड़े ई-मेल केस के संदर्भ में भेजा गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की ‘क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट’ (CIU) ने अभिनेता को शनिवार (27 फरवरी) को पेश होने का आदेश दिया है।

ऋतिक रोशन
फाइल फोटो

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, माना जा रहा है कि ऋतिक रोशन का बयान लेने के बाद CIU कंगना रनौत का भी बयान रिकॉर्ड कर सकती है। ऋतिक और कंगना के बीच चल रहे 5 साल पुराने इस केस की जांच पहले मुंबई पुलिस की साइबर सेल कर रही थी। दिसंबर 2020 में यह CIU को ट्रांसफर किया गया।

यह मामला साल 2016 का है, जब ऋतिक रोशन ने कंगना रनौत के अकाउंट से 100 से ज्यादा ई-मेल मिलने की शिकायत की थी। कंगना रनौत ने तब दावा किया था कि ईमेल आईडी उन्हें ऋतिक रोशन द्वारा प्रदान की गई थी और वे 2014 तक लगातार उसी ईमेल आईडी से बातचीत कर रहे थे। ऋतिक और कंगना के बीच विवाद उस समय बढ़ गया था, जब कंगना ने बिना नाम लिए ऋतिक को अपना एक्स बॉयफ्रेंड तक बता दिया। लेकिन ऋतिक ने कंगना के साथ किसी भी तरह के संबंध होने से इनकार किया था।

इस केस की जांच पहले मुंबई पुलिस की साइबर सेल ही कर रही थी, लेकिन दिसंबर 2020 में इसे ‘क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट’ के पास ट्रांसफर कर दिया गया। ये सब ऋतिक रोशन के वकील की अपील पर किया गया था।

कंगना और ऋतिक ने महज दो फिल्मों 2010 में आई ‘काइट्स’ और 2013 में आई ‘कृष-3’ में साथ काम किया है। इस दौरान कंगना-ऋतिक के अफेयर की खबरें आई थीं।

Previous articleCBSE CTET Result 2021 Declared: CBSE ने जारी किया CTET 2021 का रिजल्ट, ctet.nic.in पर जाकर ऐसे करें चेक
Next articleप्रधानमंत्री के नाम पर स्टेडियम बनाने पर BJP सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने जताई आपत्ति, बोले- गुजरात सरकार को गलती ठीक करते हुए नरेंद्र मोदी का नाम वापस ले लेना चाहिए