INDvsBAN: दोहरा शतक जड़ते ही डॉन ब्रैडमैन से भी आगे निकले मयंक अग्रवाल

0

बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारत के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल ने शुक्रवार को अपने टेस्ट करियर का दूसरा दोहरा शतक जड़ा। उन्होंने मेहदी हसन की गेंद पर छक्का लगाकर यह उपलब्धि हासिल की। मयंक अग्रवाल अपने दोहरे शतक के साथ आस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज डॉन ब्रैडमैन से भी आगे निकल गए।

मयंक अग्रवाल

मयंक ने इंदौर के होल्कर स्टेडियम में बांग्लादेश के साथ जारी पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन छक्के के साथ अपने करियर का दूसरा दोहरा शतक पूरा किया। मयंक ने 12वीं पारी तक जाते-जाते दो दोहरे शतक लगा लिए हैं जबकि ब्रैडमैन ने दो दोहरो शतकों के लिए 13 पारियों का इंतजार किया था।

इस फेहरिस्त में हालांकि भारत के विनोद काम्बली सबसे आगे हैं, जिन्होंने अपने करियर की शुरुआती पांच पारियों में ही दो दोहरे शतक लगा लिए थे। इस सूची में वेस्टइंडीज के लॉरेंस रो 14 पारियों के साथ चौथे स्थान पर हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ 15 पारियों के साथ पांचवें स्थान पर हैं। इसी तरह वॉली हेमंड 16 पारियों के साथ छठे और भारत के चेतेश्वर पुजारा 18 पारियों के साथ सातवें स्थान पर हैं।

मयंक ने बीते महीने दक्षिण अफ्रीका के साथ आयोजित टेस्ट सीरीज के दौरान विशाखापट्नम में 215 रनों की पारी खेली थी। वह उनका पहला शतक था, जिसे उन्होंने दोहरे शतक में तब्दील किया था। मयंक का यह तीसरा शतक है। मयंक ने पुणे टेस्ट में भी 108 रनों की पारी खेली थी। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)

Previous articleदिल्ली में प्रदूषण पर अहम बैठक छोड़ इंदौर में जलेबी खाते दिखे BJP सांसद गौतम गंभीर, सोशल मीडिया पर हुए ट्रोल, AAP ने भी साधा निशाना
Next articleJudge me on my work and not by propaganda spread by minions of Arvind Kejriwal: Gautam Gambhir after jalebi, poha controversy