छत्तीसगढ़: नक्सली हमले में 2 जवान शहीद, दो घायल

0

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में शुक्रवार(3 मार्च) को नक्सली हमले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के जवान समेत दो जवान शहीद हो गए हैं, वहीं दो अन्य जवान घायल बताए जा रहे हैं। राज्य के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीजापुर जिले के मिरतुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत चेरली गांव के जंगल में नक्सलियों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया है।

इस हमले में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 10 वीं बटालियन का जवान हेमंत कुमार और जिला बल का सहायक आरक्षक दुब्बा राम शहीद हो गए हैं। वहीं सीएएफ 10 वीं बटालियन के जवान सहदेव रजवाड़े और सहायक आरक्षक मुड्डाराम हमले में घायल हो गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि मिरतुर थाना क्षेत्र में बन रहे मिरतुर-गंगालूर मार्ग की सुरक्षा के लिए पुलिस दल को रवाना किया गया था। दल जब चेरली गांव के जंगल में पहुंचा तब नक्सलियों ने उस पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में दो जवान शहीद हो गए तथा दो अन्य घायल हो गए। नक्सली गोलीबारी के बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की।

उन्होंने बताया कि नक्सली हमले की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के लिए अतिरिक्त पुलिस दल रवाना किया गया है तथा शहीद जवानों के शवों और घायल जवानों को बाहर निकालने की कार्रवाई की जा रही है।

Previous articleYou’ll not see Pune-like bad performance again, promises Kohli
Next articleकब्रिस्तान और श्मसान की चर्चाओं के बीच सुखमती हेमला पर क्यों नहीं है मीडिया की नज़र?