मध्य प्रदेश की 230 और मिजोरम की 40 विधानसभा सीटों पर बुधवार (28 नवंबर) सुबह से मतदान जारी है। मिजोरम में सुबह सात बजे से मतदान की शुरुआत हुई जो कि शाम चार बजे तक चलेगी। वहीं, मध्य प्रदेश की तीन सीटों पर वोटिंग सुबह सात बजे शुरू हो गई। इसके अलावा मध्य प्रदेश की 227 सीटों पर मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ, जो शाम पांच बजे तक चलेगा। जानकार इन विधानसभा चुनाव को अगले साल 2019 में होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले सेमीफाइनल के तौर पर भी देख रहे हैं।
(Mujeeb Faruqui/HT Photo)मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के साथ-साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की साख पर कसौटी पर है। कांग्रेस की कोशिश बीजेपी को 15 साल बाद सत्ता से बेदखल करने की है। वहीं, मिजोरम में तय होगा कि कांग्रेस जीत की हैट्रिक लगाती है या पूर्वोत्तर का आखिरी किला भी गंवा देती है। इन चुनाव में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के प्रदर्शन से यह तय होगा कि उन्हें 2019 के चुनाव के लिए अभी और कितनी मेहनत करने की जरूरत है।
देखिए, लाइव अपडेट्स
- मध्य प्रदेश चुनाव LIVE: मध्य प्रदेश में दोपहर 3 बजे तक 50 प्रतिशत मतदाताओं ने किया मतदान।
- मिजोरम चुनाव LIVE: मिजोरम में दोपहर 3 बजे तक 58 फीसदी मतदाताओं ने किया अपने अधिकार का प्रयोग।
- मध्य प्रदेश चुनाव LIVE: छिंदवाड़ा में मतदान करने के बाद कांग्रेस नेता कमलनाथ ने अपना चुनावी प्रतीक पंजा दिखाने को लेकर कहा कि मैं पहले ही अपना वोट डाल चुका था। जब लोगों ने और मीडिया ने मुझसे पूछा कि मैंने किसके लिए मतदान किया है, मैंने यह दिखाया (पंजा)। मुझे और क्या करना चाहिए था? कमल दिखाना था?
- मिजोरम चुनाव LIVE: मिजोरम में दोपहर 1 बजे तक 49 फीसदी वोटिंग
- मध्य प्रदेश चुनाव LIVE: मध्य प्रदेश में 11 बजे तक 21 प्रतिशत लोगों ने किया मतदान।
- मिजोरम चुनाव LIVE: सुबह के 11 बजे तक मिजोरम में 29 प्रतिशत मतदाताओं ने की वोटिंग।
- मध्य प्रदेश चुनाव LIVE: ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से 3 अधिकारियों की मौत के बाद चुनाव आयोग ने उनके परिजनों को 10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की।
- मध्य प्रदेश के भिंड विधानसभा के पोलिंग बूथ पर फायरिंग, फायरिंग के कारण मतदान रुक गया है।
- मध्य प्रदेश चुनाव LIVE: मध्य प्रदेश: गुना में चुनाव आयोग के एक अधिकारी और इंदौर में दो अधिकारियों का दिल का दौरा पड़ने से निधन। बताया जा रहा है कि अधिकारी मतदाताओं को कतार में लगवा रहे थे तभी उन्हें दौरा आया और उनकी मौत हो गई।
- मध्य प्रदेश चुनाव LIVE: भोपाल में पोलिंग बूथ से महज 200 मीटर की दूरी पर मौजूद BJP के एजेंटों से पुलिस ने प्रचार सामग्री जब्त की। एक को हिरासत में लिया गया।
- मध्य प्रदेश चुनाव LIVE: उज्जैन में 2 खराब EVM, अलीराजपुर में 11 VVPAT मशीनों, बुरहानपुर में 5 वीवीपीएटी और 2 ईवीएम मशीनों को बदला गया। मतदान दोबारा शुरू
- हमें 100 प्रतिशत विश्वास है कि बीजेपी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। हमने 200 सीटों का लक्ष्य निर्धारित किया है और हमारे लाखों कार्यकर्ता इसे सच करने के लिए काम कर रहे हैं: शिवराज सिंह चौहान
- मध्य प्रदेश: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने डाला वोट, बुधनी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं शिवराज।
- मध्य प्रदेश में छतरपुर, इंदौर और भोपाल में कई बूथों पर ईवीएम मशीन खराब होने की शिकायत।
क्या है मध्य प्रदेश की स्थिति?
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में पांच करोड़ से अधिक मतदाता 2,899 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे और हेलीकॉप्टर से नजर रखी जा रही है। मतदान केंद्रों के बाहर मतदान शुरू होने से पहेल ही मतदाताओं की कतारें देखी गईं।
राज्य के नक्सल प्रभावित तीन मतदान केंद्रों परसवाड़ा, लॉजी और बैहर में मतदान प्रक्रिया सुबह सात बजे शुरू हो गई जबकि शेष 227 मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे मतदान शुरू हुआ। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में दोपहर तीन बजे तक मतदान चलेगा जबकि अन्य केंद्रों में मतदान प्रक्रिया शाम पांच बजे समाप्त होगी।
आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, राज्य में 5,04,33079 मतदाता राज्य के 65,367 मतदान केंद्रों पर ईवीएम और वीवीपैट से मतदान करेंगे। इस दौरान पुरूष मतदाताओं की संख्या 2,63,1300 महिला मतदाताओं की संख्या 2,41,30,390 एवं थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 1,389 है। चुनाव मैदान में 2,899 उम्मीदवार हैं, जिनमें पुरूष प्रत्याशी 2,644, महिला प्रत्याशी 250 और अन्य प्रत्याशी पांच हैं।
मिजोरम चुनाव
वहीं, मिजोरम विधानसभा की 40 सीटों पर मतदान बुधवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गया। राज्य में जहां एक ओर मुख्यमंत्री ललथनहवला तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश में जुटे हैं वहीं बीजेपी की कोशिश पूर्वोत्तर में कांग्रेस को उसके आखिरी गढ़ से उखाड़ फेंकने की है। चुनाव कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम चार बजे तक चलेगा।
मिजोरम में कुल 7,70,395 मतदाता हैं, जिनमें महिला मतदाताओं की संख्या 3,94,897 है। कुल 209 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर है, जिनमें केवल 15 महिलाएं हैं। चुनाव आयोग ने राज्य में कुल 1179 मत केंद्रों में से 47 को ‘संवेदनशील’ और कई को ’अतिसंवेदनशील’ करार दिया है। चुनाव कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस बल के साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल की 40 कंपनियां तैनात की गई हैं।
प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र में एक मतदान केन्द्र केवल महिलाओं के लिए बनाया गया है, जहां महिला कर्मियों को ही तैनात किया गया है। इन मतदान केन्द्रों का नाम ‘डिंगडी’ (जो कि एक फूल है) रखा गया है। सत्तारूढ़ कांग्रेस और मुख्य विपक्षी एमएनएफ ने सभी 40 सीटों पर अपने प्रत्याशी खड़े किए हैं जबकि बीजेपी ने 39 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।चुनाव के मद्देनजर पड़ोसी देश म्यामां तथा बांग्लादेश और पड़ोसी राज्य त्रिपुरा, असम तथा मणिपुर से लगने वाली सीमाओं को रविवार से सील कर दिया गया है।