बिहार में अपराध लगातार बढ़ते जा रहें है, जो रुकने का नाम ही नहीं है। राज्य में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि वो कहीं भी घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो जाते है। बिहार के भोजपुर जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात अपराधियों ने लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के एक नेता को गोली मार दी। घायलावस्था में इन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, जगदीशपुर थाना क्षेत्र के कुसुम्हा गांव निवासी प्रेमचंद यादव बुधवार की देर रात अपने एक रिश्तेदार के साथ इसाढ़ी गांव में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेकर वापस कुसुम्हा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आनन-फानन में जख्मी हालत में युवक को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। गोली मारने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है। घायल युवक लोजपा के महासचिव बताए जा हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घायल युवक का इलाज कर रहे डॉक्टर ने बताया कि जख्मी लोजपा नेता को गोली सिर में पीछे लगी थी। दायें साइड गर्दन में आकर फंस गई थी। ऑपरेशन कर गर्दन से बुलेट निकाल दी गई है। बावजूद इसके उसे अभी दो दिन तक अस्पताल में ही रखा जाएगा।
हालांकि, अपराधियों ने इस घटना को क्यों अंजाम दिया है इसकी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। फिलहाल, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। (इंपुट: IANS के साथ)