पद्मश्री से सम्मानित ओड़िया भाषा के प्रख्यात संगीतकार और गायक प्रफुल्ल कार का 83 साल की उम्र में रविवार रात को निधन हो गया। उन्होंने भुवनेश्वर में अपने आवास पर कल रात आखिरी सांस ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रफुल्ल के निधन पर सोमवार को शोक जताया और कहा कि ओड़िया संस्कृति और संगीत में अग्रणी योगदान के लिए उन्हें याद किया जाएगा।
मोदी ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘प्रफुल्ल कार जी के निधन से बहुत दुख पहुंचा। ओड़िया संस्कृति और संगीत में अग्रणी योगदान के लिए याद किया जाएगा।’’
प्रफुल्ल के परिवार और उनके प्रशंसकों के प्रति संवेदनाए व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रफुल्ल कार बहुमुखी प्रतिभा के धनी थे और उनके कार्यों में उनकी रचनात्मकता झलकती है।
प्रधानमंत्री ने ओड़िया भाषा में भी एक ट्वीट कर प्रफुल्ल को श्रद्धंजलि अर्पित की। उन्हें 2015 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। वह 83 वर्ष के थे और उम्र संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे।
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]