केरल: ड्यूटी के बाद घर जा रही महिला पुलिसकर्मी सौम्या को सहकर्मी ने जिंदा जलाया, तीन बच्चों की मां हैं मृतका

0

केरल में देश को शर्मशार कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप भी दंग रह जाएंगे। राज्य के मावेलिक्कारा में एक व्यक्ति द्वारा कथिततौर पर जिंदा जलाई गई 34 वर्षीय महिला पुलिस कांस्टेबल की शनिवार को मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, महिला कॉन्स्टेबल पर उस वक्त पेट्रोल छिड़क कर जला दिया गया जब वो ड्यूटी के बाद घर लौट रही थी। महिला पुलिसकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई।

केरल

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। महिला को जलाने के दौरान आरोपी शख्स भी झुलस गया बाद में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस जांच कर रही है और हमले के कारण का पता लगा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान अलुवा यातायात पुलिस स्टेशन से जुड़े पुलिसकर्मी एजाज के रूप में हुई है।

मृतक पुलिसकर्मी की पहचान 34 वर्षीय सौम्या पुष्पाकरण के रूप में हुई है। मृतक महिला सिपाही मावेलिक्कारा के वल्लीकुन्नम पुलिस थाने में तैनात थी। सौम्या के पति विदेश में काम करते हैं और वो तीन बच्चों की मां भी हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार की शाम को सौम्या अपनी स्कूटी पर थाने से घर लौट रही थीं जब रास्ते में एक कार ने उनको टक्कर मारी। कार सवार पहले उनके पीछे कथित रूप से कुल्हाड़ी लेकर दौड़ा जान बचाने के लिए सौम्या भागकर पास के एक घर में छुपने की कोशिश कर रहीं थीं लेकिन कामयाब न हुई। पीछा कर रहे आरोपी ने उसपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। महिला को जलाने के दौरान आरोपी भी 40 प्रतिशत तक जल गया और उसे हिरासत में ले लिया गया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी को अलप्पुझा में सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उससे पूछताछ के बाद ही वारदात की वजह का पता चल सकेगा। (इंपुट: भाषा के साथ)

 

Previous articleराज्यसभा की छह खाली सीटों के लिए 5 जुलाई को होंगे उपचुनाव
Next articleविश्व कप का महामुकाबला आज, पाकिस्तान के खिलाफ प्रबल दावेदार होगी टीम इंडिया