इस्तीफे के बाद नजीब जंग और केजरीवाल की सुबह-सुबह नाश्ते पर मुलाकात

0

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज यानी शुक्रवार (23 दिसंबर) की सुबह नजीब जंग से मिलने पहुंचे। दोनों के बीच तकरीबन आधे घंटे मुलाकात चली। मुलाकात के बारे में पूछे जाने पर अरविंद केजरीवाल ने मीडिया को कहा कि जंग ने उन्हें नाश्ते पर बुलाया था।

नजीब जंग के दिल्ली के उपराज्यपाल पद से अचानक इस्तीफे के बाद शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राजनिवास जाकर उनसे मुलाकात की। केजरीवाल सुबह तकरीबन आठ बजे उप राज्यपाल के सरकारी आवास पर पहुंचे और आधे घंटे तक उनकी मुलाकात चली। इस बीच दिल्ली के अगले उपराज्यपाल को लेकर चर्चा जोरों पर है।

मीडिया रिपोट्स के अनुसार, जंग के इस्तीफा के बारे में पूछे जाने पर केजरीवाल ने कहा, ‘‘उन्होंने व्यक्तिगत कारणों से इस्तीफा दिया।’’ जंग के अचानक इस्तीफे के बारे में कोई विस्तृत जानकारी दिए बगैर उप राज्यपाल के कार्यालय ने कल कहा था, ‘‘वह शिक्षण की ओर लौटना चाहते हैं।’’

जंग के निर्णय को राजनीतिक गलियारों में अचरज के रूप में देखा गया। उनके करीबी सूत्रों ने कल कहा था कि आप सरकार के साथ अधिकार को लेकर अपने कटु रिश्ते के कारण उन्होंने इस्तीफा नहीं दिया है और वह पिछले कुछ महीनों से पद छोड़ने पर विचार कर रहे थे।

कल जब जंग की इस्तीफे की खबर सामने आयी उस समय मुख्यमंत्री रांची में थे। केजरीवाल ने ट्वीट किया था, ‘श्री जंग के इस्तीफे से मैं अचरज में हूं। उनके भविष्य की योजनाओं के लिए मेरी शुभकामनाएं।’ केजरीवाल का नोटबंदी पर दोपहर में जयपुर में एक रैली को संबोधित करने का कार्यक्रम है।

Previous article45 मिनट तक हवा में मंडराता रहा नवीन पटनायक का हेलीकॉप्टर, इंजीनियर को किया निलंबित
Next articleराम मंदिर रेलवे स्टेशन पर शिवसेना-बीजेपी में महाभारत, शिवसेना नेता ने कहा, ‘मोदी राम से बड़े नहीं हैं’