कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा उपचुनाव के लिए सोमवार को जारी मतगणना में 15 विधानसभा सीटों में से 11 में बढ़त बनाकर शानदार प्रदर्शन की ओर बढ़ती दिख रही है। दोपहर बाद परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। रुझानों से संकेत मिल रहे हैं कि सत्तारूढ़ भाजपा सरकार दक्षिणी राज्य में सत्ता में बनी रहेगी। भाजपा को विधानसभा में बहुमत में रहने के लिए इन 15 में से कम से कम छह सीटों पर जीतने की जरूरत है।

इस उपचुनाव के नतीजों से ही साफ होगा कि राज्य में येदियुरप्पा की सरकार रहेगी या जाएगी। कर्नाटक में भाजपा के पास फिलहाल 105 विधायक हैं, जिसमें एक निर्दलीय विधायक भी शामिल है। कांग्रेस के 66 और जेडीएस के 34 विधायक हैं। इनके अलावा बीएसपी का भी एक विधायक है। ऐसे में उपचुनाव के नतीजों पर कांग्रेस की भी निगाहें टिकी हुई हैं। भाजपा को राज्य की सत्ता में बने रहने के लिए 225 सदस्यीय विधानसभा (स्पीकर सहित) में 15 सीटों (जिन पर उपचुनाव हुए हैं) में कम से कम छह सीटें जीतने की जरूरत है।
ये उपचुनाव 17 विधायकों को अयोग्य करार देने से पैदा हुई रिक्तियों को भरने के लिए कराए गए। इन विधायकों में कांग्रेस और जद(एस) के बागी नेता शामिल थे। इन विधायकों की बगावत के चलते जुलाई में एचडी कुमारस्वामी नीत कांग्रेस-जद(एस) सरकार गिर गई थी और भाजपा के सत्ता में आने का मार्ग प्रशस्त हुआ।
विधानसभा में अभी भाजपा के पास 105 (एक निर्दलीय सहित), कांग्रेस के 66 और जद (एस) के 34 विधायक हैं। बसपा का भी एक विधायक है। इसके अलावा एक मनोनीत विधायक और विधानसभा अध्यक्ष हैं।
अयोग्य करार दिए गए 13 विधायकों को भाजपा ने अपना टिकट दिया। उपचुनाव लड़ने के लिए सुप्रीम कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद पिछले महीने वे भाजपा में शामिल हो गए थे। जिन 15 सीटों पर उपचुनाव हो रहा है उनमें 12 पर कांग्रेस और तीन पर जद (एस) का कब्जा है।
उल्लेखनीय है कि, राज्य में ये उपचुनाव 21 अक्टूबर को होने थे लेकिन चुनाव आयोग ने इसे पांच दिसंबर के लिए टाल दिया था। दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने अयोग्य करार दिए विधायकों की याचिकाओं की सुनवाई करने का फैसला किया था।
इन सीटों पर हुए थे उपचुनाव
गोकक, कागवाड, अथानी, येल्लपुरा, हिरेकेरूर, रवबेन्नुर, विजय नगर, चिकबल्लापुरा, केआरपुरा, यशवंतपुरा, महालक्ष्मी लायुत, शिवाजी नगर, होसकोटे, हंसुर और केआर पेटे विधानसभा सीटें शामिल हैं. दो सीटों मस्की और राजराजेश्वरी पर बाद में चुनाव होंगे.
जानें हर अपडेट:
- कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने हार स्वीकार कर ली है। डीके शिवकुमार ने उप-चुनाव नतीजे पर कहा- 15 विधानसभा सीटों के मतदताओं के जनादेश को हमें मानना होगा। लोगों ने दलबदलुओं को स्वीकार किया है। हमने हार मानी है और मैं नहीं समझता हूं कि हमें निराश होना चाहिए।
- रूझानों के मुताबिक, बीजेपी 10 सीटों पर, कांग्रेस दो पर, जेडीएस दो सीट पर आगे चल रही है। वहीं, एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार को बढ़त है।
- 15 सीटों पर शुरुआती रुझानों के मुताबिक, बीजेपी 9 सीटों पर, कांग्रेस-जेडीएस 2-2 सीटों पर निर्दलीय एक सीट पर आगे।
- शुरुआती रुझानों में बीजेपी 6, कांग्रेस 2 और जेडीएस दो सीटों पर आगे चल रही है
- शिवाजी नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रिजवान अरशद आगे चल रहे हैं।
- शिवाजीनगर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी अरशद रिजवान आगे चल रहे हैं।
- कर्नाटक विधानसभा उपचुनाव में वोटों की गिनती के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।