लद्दाख में चीन ने की घुसपैठ की कोशिश, भारतीय सैनिकों ने खदेड़ा, दोनों तरफ से हुई पत्थरबाजी

0

सिक्किम सेक्टर के डोकलाम क्षेत्र में टकराव के बीच चीन ने मंगलवार(15 अगस्त) को लद्दाख क्षेत्र में घुसपैठ की कोशिश की। हालांकि, सीमा पर मुस्तैद भारतीय सैनिकों ने न सिर्फ घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया, बल्कि सतर्क भारतीय सेना ने पैंगोंग झील के पास पहुंचे चीनी सैनिकों को खदेड़ दिया। सैन्य अधिकारियों ने कहा कि पत्थरबाजी के दौरान दोनों पक्षों की तरफ से दो-दो सैनिक घायल हुए हैं।

Representational image

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी सैनिकों ने सुबह छह से नौ बजे के बीच भारतीय सीमा के दो इलाकों फगर फोर और फगर फाइव में घुसने का प्रयास किया, लेकिन दोनों ही स्थानों पर जांबाज भारतीय सैनिकों ने उन्हें खदेड़ दिया। भारतीय सैनिकों द्वारा मानव श्रृंखला बनाने से चीनी सैनिकों ने जब खुद को घिरा पाया तो उन्होंने पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। भारतीय सुरक्षाकर्मियों ने भी इसका जवाब दिया।

इसके बाद दोनों पक्षों की बैनर ड्रिल के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। खबरों के मुताबिक, चीनी सैनिक फगर फोर इलाके तक पहुंचने में कामयाब हो गए थे, लेकिन उन्हें पीछे खदेड़ दिया गया। यह इलाका दोनों देशों के बीच अक्सर सीमा विवाद का कारण बनता है।

डोकलाम को लेकर दोनों देशों में जारी गतिरोध के बीच भारत के स्वतंत्रता दिवस पर चीन के अधिकारियों के साथ मंगलवार को नाथू ला बॉर्डर पर कोई औपचारिक बैठक नहीं हुई। बताया जाता है कि भारतीय सेना ने चीन को निमंत्रण भेजा, लेकिन उधर से कोई जवाब नहीं आया।

बता दें कि इससे पहले भी चीनी सैनिक नावों के सहारे झील की भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास करते रहे हैं। पैंगोंग झील का 45 किलोमीटर हिस्सा भारत और 90 किलोमीटर हिस्सा चीन में आता है। इस झील पर चीन की नजर हमेशा से लगी रहती है।

Previous articleसरकार ने मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्‍ट्रीज पर 1700 करोड़ का लगाया जुर्माना
Next articleGovernment imposes fine of Rs 1,700 crore on Reliance and BP