पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह AIIMS में भर्ती, कई नेताओं ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना

0

पूर्व प्रधानमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. मनमोहन सिंह को बेचैनी महसूस होने के बाद रविवार रात दिल्ली में अख‍िल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। ख़बरों के मुताबिक, 87 वर्षीय मनमोहन सिंह को एम्स के कार्डियो-थोरैसिक (हृदय और सीने से संबंधित) वार्ड में निगरानी में रखा गया है। कई नेताओं ने मनमोहन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को रात करीब पौने नौ बजे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में कार्डियोलॉजी के प्रोफेसर डॉक्टर नीतीश नायक की निगरानी में अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्रों ने बताया, ‘‘उन्हें निगरानी में रखा गया है।’’ बता दें कि, मनमोहन विपक्षी कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। साल 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाईपास सर्जरी हुई थी।

मनमोहन सिंह के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही कई नेताओं ने उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई और जल्द ठीक होने की कामना की। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा, ”पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी को अस्पताल में भर्ती कराए जाने की खबर सुनकर बेहद चिंतित हूं। उनके जल्द ठीक होने, अच्छी सेहत और दीर्घायु की कामना करता हूं।”

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल ने ट्वीट किया, ”डॉक्टर साहब के स्वस्थ होने की कामना कर रहा हूं। मुझे यकीन है कि वह जल्द ही ठीक हो जाएंगे।” राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता लालू प्रसाद यादव ने भी ट्वीट किया, ”डॉक्टर मनमोहन सिंह जी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिली। विनम्र, बुद्धिमान, विद्वान, सच्चे सज्जन और सर्वश्रेष्ठ प्रधानमंत्रियों में से एक मनमोहन सिंह जी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

लालू के पुत्र और राजद प्रमुख तेजस्वी यादव ने कहा, ”आदरणीय मनमोहन सिंह जी के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” (इंपुट: भाषा के साथ)

Previous articleKashmera Shah is missing from former Bigg Boss contestant Sambhavna Seth’s throwback photo, The Kapil Sharma Show actor Krushna Abhishek’s wife responds
Next articleदिल्ली: राशन वितरण में तैनात 45 वर्षीय शिक्षिका और उसके पति की कोरोना वायरस से मौत