दिल्ली कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष ताजदार बाबर का 85 साल की उम्र में निधन, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने जताया दुख

0

दिल्ली की पूर्व विधायक और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ताजदार बाबर का शुक्रवार तड़के 85 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। उनके पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि ताजदार ने आज सुबह अंतिम सांस लीं। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं।

ताजदार बाबर

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘ताजदार बाबर जी के परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। हम दिल्ली के लोगों और कांग्रेस के मूल्यों के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद करते हैं।’’

कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार ने कहा, ‘‘दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ नेत्री ताजदार बाबर जी, जिन्हें हम प्यार से मम्मी संबोधित करते थे, आज हमारे बीच नहीं रही। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे एवं अपने श्री चरणों में स्थान दे। विनम्र श्रद्धांजलि!’’

शनिवार शाम ताजदार बाबर को निजामुद्दीन के पंच पिरान कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। इससे पहले उनके पार्थिव शरीर निजामुद्दीन ईस्ट स्थित कम्युनिटी सेंटर पर अंतिम दर्शन और श्रद्धाजंलि के लिए रखा गया है। इसके बाद सभी लोग निजामुद्दीन थाने पर एकत्रित होंगे, वहीं काला मस्जिद में नमाज पढ़ने के बाद उनके पार्थिव शरीर को कब्रिस्तान ले जाया जाएगा।

दरअसल, इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान वह दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रहीं। साथ ही मिंटो रोड विधानसभा क्षेत्र से दो बार और जंगपुरा विधानसभा क्षेत्र से एक बार विधायक भी रहीं, उन्हें अक्सर लोग आयरन लेडी भी कहा करते थे। वह लंबे समय तक नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद की उपाध्यक्ष भी रहीं। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटी हैं। उनके बेटे फरहाद सूरी 2006 में दिल्ली निगम के महापौर रहे चुके हैं। उस वक्त दिल्ली के तीनों निगम एक ही हुआ करते थे। (इंपुट: भाषा और IANS के साथ)

Previous articleमहात्मा गांधी जयंती के दिन ट्विटर पर ट्रेंड हुआ #नाथूराम_गोडसे_जिंदाबाद, BJP सांसद वरुण गांधी ने नाथूराम गोडसे का समर्थन करने वाले को सुनाई खरी-खोटी
Next articleउत्तर प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद, कानपुर में पति-पत्नी और 12 साल के बच्चे की बेरहमी से हत्या; ट्रिपल मर्डर से इलाके में मचा हड़कंप