भारतीय जनता पार्टी के नेता विजय जॉली पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया है। महिला ने उनके खिलाफ रेप मामले में एफआईआर दर्ज करवाया है। दिल्ली में रहने वाली महिला का कहना है कि जॉली ने इस महीने की शुरुआत में गुड़गांव (गुरुग्राम) के एक होटल में उसका यौन शोषण किया।
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को दिए अपने बयान में महिला ने कहा कि विजय जॉली ने 10 फरवरी को गुरुग्राम के रिजॉर्ट में उसका बलात्कार किया। उसने कहा कि भाजपा नेता ने उसे नसीली दवाई खिलाकर उसका रेप किया। बता दें कि, जॉली के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376/328/506 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। विजय जॉली दिल्ली के साकेत से बीजेपी के पूर्व विधायक हैं।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस पूरे मामले पर विजय जॉली ने खुद को बेदाग बताया है। जॉली ने अपनी सफाई में कहा कि आरोप लगाने वाली महिला से उनकी मुलाकात 2015 में हुई थी। जान पहचान होने के बाद एक दिन उसे पैसों की जरूरत थी तो उन्होंने दे दिए। लेकिन महिला अक्सर पैसे मांगने लगी तो उन्होंने मना कर दिया, जब पैसे नहीं दिये तो महिला ने ये मामला दर्ज करवाया।
गौरतलब है कि पहले भी विजय जॉली के खिलाफ तहलका की पूर्व प्रबंध संपादक शोमा चौधरी की नेमप्लेट और दरवाजे के सामने कालिख पोतने के लिए भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत साकेत थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।