मोदी सरकार के तीसरे कैबिनेट विस्तार में नए-नए मंत्री बने केजे अल्फोंस बीफ को लेकर एक विवादास्पद बयान दिया है। मोदी मंत्रिमंडल में पहली बार शामिल हुए केंद्रीय पर्यटन मंत्री केजे अल्फोंस ने विदेशी पर्यटकों को सलाह दी है कि वे अपने देश में बीफ खाकर भारत आएं। उन्होंने कहा कि भारत आने वाले विदेशी सैलानी यहां घूमने आने से पहले अपने देश में गोमांस खाकर आएं।
FILE PHOTO: PTIदरअसल, जब केंद्रीय पर्यटन मंत्री अल्फोंस से पूछा गया कि गौरक्षा के नाम पर हिंसा और कई राज्यों में बीफ खाने पर पाबंदियों के बीच क्या देश में पर्यटन पर असर पड़ा है? इसके सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि, ‘वो(पर्यटक) अपने देश में बीफ खाएं और फिर भारत आएं।’
अल्फोंस ने ओडिशा में इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर के 33वें सालाना समारोह में बोलते हुए यह बात कही। गौरतलब है कि हाल ही में मोदी कैबिनेट में हुए विस्तार में ही उन्हें पर्यटन मंत्री बनाया गया था। अल्फोंस ने मंत्री पद की शपथ लेने के बाद बीफ को लेकर उनका यह दूसरा विवादित बयान है।
इससे पहले हाल ही में उन्होंने एक बयान में कहा था कि केरल के लोगों को बीफ मिलता रहेगा। उन्होंने कहा था जैसे गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा था कि राज्य में बीफ की कमी नहीं होगी, वैसे ही केरल में भी लोगों को यह मिलता रहेगा। यह बात उन्होंने पर्यटन मंत्री के तौर पर नियुक्त होने के बाद कही थी।