मलयालम फिल्म निर्माता अली अकबर ने कहा कि वह और उनकी पत्नी लुसिम्मा इस्लाम धर्म छोड़ कर हिंदू धर्म अपनाने जा रहे हैं। उन्होंने कहा है कि वे देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की मौत का अपमान करने वालों के चलते इस्लाम छोड़ रहे हैं।

अंग्रेज़ी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, अली अकबर का कहना है कि वह ऐसा इसलिए कर रहे हैं क्योंकि हेलीकॉप्टर दुर्घटना में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत की मौत से जुड़ी पोस्ट पर कई मुस्लिम नाम के अकाउंट वाले यूजर्स ने उनकी तस्वीर या वीडियो के नीचे कॉमेंट में स्माइली पोस्ट किया, जिससे वह काफी आहत हुए हैं।
अकबर ने कहा कि किसी भी बड़े मुसलमान नेता ने इस तरह के ‘देश-विरोधियों’ का विरोध नहीं किया, जिन्होंने एक बहादुर सैन्य अधिकारी का अपमान किया है और वह इसे स्वीकार नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि उनका धर्म से विश्वास उठ गया है और उन्होंने बुधवार को अपने फेसबुक पेज पर इस बारे में एक वीडियो पोस्ट किया।
फिल्म निर्माता ने फेसबुक पेज पर एक वीडियो साझा किया और कहा, ”आज मैं वो चोला उतार कर फेंक रहा हूँ जो मुझे पैदाइशी मिला था। आज से मैं मुसलमान नहीं हूँ बल्कि भारतीय हूँ। ये मेरा जवाब है, उन हज़ारों लोगों को जिन्होंने कॉमेंट में इमोजी पोस्ट किए।”
अकबर अली की इस पोस्ट की कई मुस्लिम फ़ेसबुक यूज़र्स ने ख़ूब आलोचना की और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। अकबर को भी उन टिप्पणियों में से कुछ का जवाब देने के लिए अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते देखा गया था। इस बीच कई यूजर पोस्ट ने अकबर का समर्थन किया और गाली देने वालों को फटकार लगाई।
हालांकि, यह पोस्ट बाद में फेसबुक से ‘गायब’ हो गई, लेकिन इसे व्हाट्सएप पर खूब शेयर किया जा रहा है। बाद में अकबर ने एक और पोस्ट किया जिसमें उन्होंने कहा, “राष्ट्र को उन लोगों की पहचान करनी चाहिए जो सीडीएस की मौत पर मुस्कुराते हैं” उनके इस पोस्ट पर भी सैकड़ों यूजर्स ने अभद्र भाषा में कमेंट किया।
टाइम्स ऑफ इंडिया से बात करते हुए अकबर ने कहा, ”कई देश-विरोधी गतिविधियां सोशल मीडिया पर होती हैं। जनरल रावत की मौत का वाक़या इसका ताज़ा उदाहरण है। ज़्यादातर यूज़र्स जिन्होंने सीडीएस जनरल रावत की मौत की पोस्ट पर हंसी वाली इमोजी कमेंट किए और इसे सेलिब्रेट कर रहे थे वो मुस्लिम थे।”
अकबर ने आगे कहा, ”उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि रावत ने पाकिस्तान और कश्मीर में चरमपंथियों के ख़िलाफ़ कई कार्रवाई की थी। इस तरह के सार्वजनिक पोस्ट देखने के बाद भी, जिसमें देश के बहादुर अधिकारी का अनादर किया गया था, किसी भी बड़े मुस्लिम नेता ने प्रतिक्रिया नहीं दी। मैं इस तरह के धर्म का हिस्सा नहीं रहना चाहता।”
अकबर ने कहा कि वह और उनकी पत्नी हिंदू धर्म अपनाएंगे और आधिकारिक रिकॉर्ड में अपना नाम बदलने की प्रक्रिया शुरू करेंगे। हालांकि, उन्होंने ये साफ़ किया कि वह अपनी दो बेटियों पर धर्म बदलने का दबाव नहीं डालेंगे, वो अपना फैसला खुद लेंगी और तय करेंगी।
भाजपा के राज्य कमिटी के सदस्य रहे अली अकबर ने इस साल अक्टूबर में ही पार्टी नेतृत्व के साथ कुछ असहमतियों के कारण ये पद छोड़ दिया था। साल 2015 में अकबर ने तब सनसनी फैला दी थी जब उन्होंने बताया था कि मदरसा में पढ़ते समय उनका यौन शोषण हुआ था। अकबर केरल के मालाबार विद्रोह के बारे में एक फिल्म बना रहे है।
भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी की बुधवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी। जनरल रावत, उनकी पत्नी और 12 अन्य सशस्त्र बलों के जवानों को ले जा रहा सैन्य हेलीकॉप्टर तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जनरल रावत और उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। रावत और उनकी पत्नी के पार्थिव शरीर को उनकी बेटियों ने एक ही चिता पर मुखाग्नि दी।
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]