राजस्थान मंत्रिमंडल में विस्तार की कवायद तेज, इन 3 मंत्रियों ने अपने पद छोड़ने की पेशकश की; सोनिया गांधी को लिखी चिट्‌ठी

0

राजस्थान में मंत्रिमंडल के पुनर्गठन की कवायद के बीच राज्य के शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा और राजस्व मंत्री हरीश चौधरी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अंतरिम पत्र लिखकर अपने मंत्री पद छोड़ने और संगठन के लिए काम करने की इच्छा व्यक्त की है। इन मंत्रियों के पत्रों को उनका इस्तीफा माना जा रहा है। राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी अजय माकन ने शुक्रवार रात जयपुर पहुंचकर यह जानकारी मीडिया को दी। माकन ने कहा कि तीनों ने पार्टी संगठन की सेवा करने की इच्छा व्यक्त की है।

राजस्थान

माकन ने कहा, “मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि हमारे राजस्थान मंत्रिमंडल के तीन होनहार मंत्रियों ने आज सोनिया गांधी को पत्र लिखकर मंत्री पद छोड़ने की पेशकश की है। साथ ही पार्टी के लिए काम करने की इच्छा जताई है।” उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी उनका सम्मान करती है। हमें खुशी है कि ऐसे होनहार लोग हैं जो पार्टी के लिए काम करना चाहते हैं।”

कांग्रेस कैबिनेट में वर्तमान में 21 मंत्री हैं, जो अब 18 हो सकते हैं। कैबिनेट में नौ पद खाली पड़े थे, जो अब बढ़कर 12 हो जाएंगे और सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि किस समूह को बड़ा हिस्सा मिलेगा- अशोक गहलोत समूह या सचिन पायलट के नेतृत्व वाला समूह।

डोटासरा राजस्थान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं, जबकि रघु शर्मा को पार्टी का गुजरात प्रभारी बनाया गया है। हरीश चौधरी को कांग्रेस का पंजाब प्रभारी बनाया गया है।

बता दें कि, दो दिन पहले ही अशोक गहलोत ने कहा था कि मंत्रिमंडल का पुनर्गठन जल्द ही होगा। वर्तमान में राज्य मंत्रिमंडल में मुख्यमंत्री सहित 21 सदस्य हैं। राज्य में विधायकों की संख्या 200 है, उसके अनुसार मंत्रिमंडल में अधिकतम 30 सदस्य हो सकते हैं। (इंपुट: भाषा और IANS के साथ)

[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]

Previous articleनवाब मलिक का नया खुलासा, बोले- समीर वानखेड़े के नाम से चलता है बार, 17 साल की उम्र में मिला लाइसेंस
Next articleजयपुर: सोना तस्करों की मदद करने के आरोप में एयर इंडिया के 3 कर्मचारी गिरफ्तार