क्या आम आदमी पार्टी के चुने गए नए पार्षद शपथ लेने से करेंगे इनकार? पढ़ें- AAP ने क्या दिया जवाब?

0

दिल्ली नगर निगम चुनाव में करारी हार के बाद आम आदमी पार्टी(आप) के कई नेताओं ने एक बार फिर EVM पर फिर सवाल खड़े किए हैं। जिसके कई बड़े पत्रकार सहित अन्य लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि अगर पार्टी को EVM पर विश्वास नहीं है तो क्या नगर निगम चुनाव में चुने गए नए पार्षद शपथ लेने से इनकार करेंगे?

इस सिलसिले में बुधवार(26 अप्रैल) को ABP पर एक पत्रकार ने आम आदमी पार्टी(AAP) के प्रवक्ता आशुतोष से सवाल पूछा कि, ‘अगर हम EVM में गड़बड़ी की बात मान लें, तो क्या जो आपके नए पार्षद जीते हैं, वह सर्टिफिकेट लेंगे? क्या वह अपने आप को जीता हुआ मानेंगे? या इससे इनकार करेंगे?’

इस सवाल के जवाब में आशुतोष ने सीधे तौर पर तो कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन उन्होंने कहा कि इस बारे में पार्टी उचित समय पर फैसला लेगी। वहीं, दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा है कि बीजेपी ने EVM पर रिसर्च कर महारत हासिल कर ली है और इसी के दम पर वह चुनाव जीत रही है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘बीजेपी ने 2009 का चुनाव हारने के बाद 5 साल ईवीएम पर रिसर्च कर महारत हासिल की और आज उसी रिसर्च और महारत के दम पर चुनाव(MCD) जीत रही है।’

सिसोदिया ने अगले ट्वीट में लिखा, ‘बीजेपी ने EVM पर सिर्फ रिसर्च नहीं की, बल्कि इनके नेता जीवीएल नरसिंहाराव और आडवाणी ने किताब भी लिखी, इनके नेता सुप्रीम कोर्ट भी गए थे।’

वहीं, तीसरे ट्वीट पर उन्होंने कहा कि, ‘EVM टैम्परिंग देश के लोकतंत्री की ऐसी कड़वी सच्चाई है जिसका शुरू में मजाक उड़ सकता है। लेकिन मजाक के डर से हम सच बोलना नहीं छोड़ सकते।’

गोपाल राय ने भी EVM पर उठाए सवाल

वहीं, सिसोदिया के अलावा आप के वरिष्ठ नेता और मंत्री गोपाल राय ने BJP की जीत को ‘EVM लहर’ करार दिया। उन्होंने कहा कि ‘BJP ने दस सालों तक MCD में भ्रष्टाचार किया है, यह मोदी लहर नहीं है, EVM लहर है।’ उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी उसके आगे बहुत छोटी चीज है, लोकतंत्र EVM में कैद हो गया है। यह लोकतंत्र के लिए बड़ा खतरा है।’

भगवंत मान ने साधा निशाना

इसके अलावा MCD चुनाव में खराब प्रदर्शन के बीच आम आदमी पार्टी के बड़े नेता भगवंत मान ने पार्टी के ही नेताओं को आड़े हाथ लिया है। पार्टी आलाकमान पर निशाना साधते हुए मान ने कहा कि चुनाव से पहले लिए गए कुछ फैसलों की वजह से पंजाब चुनाव में उनको और आम आदमी पार्टी को बड़ा नुकसान पहुंचा।

द ट्रिब्यून को दिए इंटरव्यू में मान ने कहा कि, ‘EVM में खामियां निकालने का फिलहाल कोई फायदा नहीं है, ऐसे में जब पार्टी आलाकमान ने चुनावों को लेकर अपनाई गई रणनीति में ऐतिहासिक गलती की है। पहले पार्टी को अपने अंदर झांकना चाहिए, ताकि उन कारणों का पता चल सके, जिसने आप को सत्ता में आने से रोक दिया।’

 

Previous articleइंडिया टुडे के शो में नंदिनी सुंदर को बुलाए जाने पर राजदीप सरदेसाई के खिलाफ कानूनी नोटिस जारी
Next articleMCD Elections 2017 Result: BJP wins 103 wards in MCD polls