उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के पूर्व छात्र नेता शरजील उस्मानी के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने कथित आपत्तिजनक ट्वीट के संबंध में मामला दर्ज किया है। उस्मानी पर ट्वीट के जरिए धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप है।

इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि भाजपा के एक नेता की शिकायत पर भारतीय दंड संहिता की धारा 505 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह शिकायत दिल्ली के लक्ष्मी नगर थाने में दर्ज किया गया है। शरजील उस्मानी ने हाल ही में कुछ ट्वीट किए थे, जिनको लेकर विवाद हो गया था। आरोप ये भी लगा कि शरजील ने धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाले ट्वीट किए हैं।
गत 20 मई को महाराष्ट्र के जालना जिले में भी पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने के आरोप में पूर्व छात्र नेता के खिलाफ मामला दर्ज किया था। जालना के अम्बाड़ निवासी एवं हिंदू जागरण मंच से जुड़े शिकायतकर्ता अम्बादास अम्भोरे ने आरोप लगाया था कि उस्मानी ने ट्विटर पर अपने हालिया पोस्ट में भगवान राम के लिए अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई।
इस साल की शुरुआत में पुणे की पुलिस ने उस्मानी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153 (ए) (धर्म या अन्य चीजों के आधार पर विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) के तहत मामला दर्ज किया था। यह मामला 30 जनवरी को एल्गार परिषद सम्मेलन में उस्मानी के भाषण से जुड़ा है। (इंपुट: भाषा के साथ)