दिल्ली विधानसभा चुनाव: AAP के कैंपेन सॉन्ग पर मनोज तिवारी का डांस दिखाने पर भड़की BJP ने भेजा मानहानि नोटिस, मांगा 500 करोड़ का हर्जाना

0

दिल्ली की सत्ताधारी आम आदमा पार्टी (आप) के एक वीडियो ट्वीट के बाद दिल्ली भाजपा ने रविवार (12 जनवरी) को चुनाव आयोग से शिकायत की और आम आदमी पार्टी (आप) को एक मानहानि नोटिस भेजकर 500 करोड़ रुपये का हर्जाना मांगा है। बता दें कि, दिल्ली की 70 सीटों के लिए आठ फरवरी को चुनाव होना है।

फाइल फोटो।

दरअसल, आम आदमा पार्टी (आप) ने हाल ही में एक वीडियो ट्वीट किया, जिसमें उत्तर-पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी आगामी विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी के प्रचार गीत की धुन पर डांस करते दिखाए गए। यह वीडियो तिवारी के भोजपुरी एलबम का संपादित संस्करण प्रतीत होता है जिसमें ‘‘लगे रहो केजरीवाल’’ गाना बज रहा है।

समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि, ‘‘आम आदमी पार्टी को चुनावों के लिए अपने थीम सांग के वास्ते मेरे वीडियो का इस्तेमाल का अधिकार किसने दिया।’’ तिवारी ने कहा कि वीडियो के बारे में चुनाव आयोग को शिकायत की गई है और मानहानि और बौद्धिक संपदा अधिकार के उल्लंघन के लिए हर्जाने के तौर पर 500 करोड़ रुपये की मांग की गई है।

वहीं, भाजपा नेता नीलकांत बक्शी ने कहा कि आप के प्रचार अभियान में तिवारी के चेहरे का इस्तेमाल दिखाता है कि वह केजरीवाल से ज्यादा लोकप्रिय हैं। फिलहाल, ख़बर लिखे जाने तक आम आदमी पार्टी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

बता दें कि, दिल्ली विधानसभा चुनाव 8 फरवरी को होंगे और परिणाम 11 फरवरी को घोषित किए जाएंगे। दिल्ली में मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी (आप) और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बीच है। हालांकि, कांग्रेस की स्थिति भी पिछले चुनाव के मुकाबले मज़बूत लग रही है। 2015 में हुए दिल्ली विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी (आप) को रिकॉर्ड जीत मिली थी, आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की 70 विधानसभा सीटों में से 67 सीटों पर जीत प्राप्त की थी और 3 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी की जीत हुई थी, कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत पाई थी।

हालांकि, 2019 में हुए लोकसभा चुनावों में दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत हुई थी और वोट प्रतिशत के लिहाज से कांग्रेस दूसरे नंबर पर पहुंच गई थी जबकि आम आदमी पार्टी (आप) तीसरे नंबर पर खिसक गई थी।

Previous articleSalman Khan’s explosive revelation on why his relationship with Aishwarya Rai and Katrina Kaif may have failed
Next articleपीएम मोदी की तुलना छत्रपति शिवाजी से करने वाली किताब को लेकर BJP नेता के खिलाफ शिकायत दर्ज