आंध्र प्रदेश: बाइक से घर लौट रहे दंपति से मारपीट, व‍िरोध पर पत्नी के साथ किया गया सामूहिक दुष्कर्म

0

आंध्र प्रदेश में गुंटूर जिले से सामूहिक दुष्कर्म की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां मेडिकोंडुरु बाईपास रोड के पास एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने और उसके पति को कुछ लोगों द्वारा पीटने की सूचना मिली है। यह घटना बुधवार रात 9.30 बजे के आस-पास की है। पीड़ित दंपति की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। हालांकि, इसे लेकर राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी टीडीपी ने राज्य में बढ़ रहे अपराध को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

आंध्र प्रदेश

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना तब हुई जब दंपति एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद मोटरबाइक पर सत्तेनापल्ली लौट रहे थे। पलाडुगु चौराहे के पास कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया गया। दंपति के साथ पहले मारपीट की गई और उनके पैसे और सोने के जेवर लूट लिए गए। इसके बाद महिला को घसीटकर पास के खेत में ले गए, जहां कथित तौर पर पुरुषों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

बाद में, दंपति अपराध की रिपोर्ट करने के लिए सत्तेनापल्ली पुलिस स्टेशन गए, लेकिन उन्हें इस आधार पर मेडिकोंडुरु पुलिस स्टेशन भेज दिया गया कि अपराध उस अधिकार क्षेत्र में हुआ था। आखिरकार आधी रात के करीब मामला दर्ज कर लिया गया है। दंपति का गुंटूर के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

इस बीच पुलिस सूत्रों ने बताया कि पास के कोल्ड स्टोरेज में काम करने वाले कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस घटना से राज्य में लोगों में आक्रोश है। इस घटना की निंदा करते हुए, विपक्षी टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश ने क्षेत्राधिकार के मुद्दों पर जोड़े को एक पुलिस स्टेशन से दूसरे थाने भेजने के लिए पुलिस की आलोचना की है। (इंपुट: IANS के साथ)

Previous articleमहाराष्ट्र पुलिस ने 65 करोड़ रुपये का कर्ज नहीं चुकाने के मामले में केंद्रीय मंत्री नारायण राणे की पत्नी और बेटे के खिलाफ जारी किया लुकआउट नोटिस, जानें क्या है पूरा मामला?
Next articleउत्तर प्रदेश: मायावती ने मुख्तार अंसारी का काटा टिकट, कहा- “किसी बाहुबली व माफिया को BSP नहीं लड़ाएगी चुनाव”