अमरनाथ यात्रा के दौरान एक महिला श्रद्धालु की नहाते समय कथित तौर पर वीडियो बनाने के आरोप में एक पुलिस कांस्टेबल को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने समाचार एजेंसी पीटीआई को यह जानकारी दी।

पीटीआई के मुताबिक, भारतीय रिजर्व पुलिस की 19वीं बटालियन के कांस्टेबल तारिक अहमद पर रणवीर दंड संहिता की धारा 354 (किसी महिला की गरिमा को नुकसान पहुंचाना) के तहत त्रिकुटा नगर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया। हालांकि, बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि, तारिक अहमद बुधवार रात को रेलवे स्टेशन पर बने शिविर के स्नानघर के अंदर चुपके से अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना रहा था। महिला को जैसे ही इसकी भनक लगी उसने लोगों को एकत्र कर लिया। तब लोगों ने आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार करके उसके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।
5124 श्रद्धालुओं का एक और जत्था रवाना
अमरनाथ यात्रा के लिए 5,124 श्रद्धालुओं का एक और जत्था शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने बताया कि 864 महिलाओं, 187 साधुओं और 19 बच्चों वाला यह जत्था 226 वाहनों पर रवाना हुआ। ये अनंतनाग जिले के पहलगाम और गांदेरबल जिले के बालटाल शिविर पहुंचेंगे, जहां से वे आगे की यात्रा के लिए निकलेंगे।
इसमें से 3,130 श्रद्धालु पारम्परिक पहलगाम मार्ग (36 किमी लंबे) से और 1,994 श्रद्धालु बालटाल मार्ग (14 किमी लंबे) से आगे की यात्रा करेंगे। अभी तक 7000 यात्री अमरनाथ गुफा के दर्शन कर चुके हैं। यह वार्षिक यात्रा 15 अगस्त को रक्षा बंधन के दिन पूरी होगी। इस साल की अमरनाथ यात्रा 30 जून को शुरू हुई थी। (इनपुट- पीटीआई)