मध्य प्रदेश के एक कांग्रेस विधायक ने भोपाल संसदीय सीट से भाजपा की सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर को जिन्दा जलाने की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि, प्रज्ञा ठाकुर कभी आई तो उसका पुतला नहीं बल्कि उसे पूरा-पूरा जला भी देंगे। कांग्रेस विधायक के इस बयान का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गौरतलब है कि, भाजपा सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने बुधवार को संसद में महात्मा गांधी के हत्यारे नाथुराम गोडसे को देशभक्त बताते हुए नया विवाद खड़ कर दिया था। प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर देश भर में सियासी तूफान मचा हुआ है। विपक्षी दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से प्रज्ञा सिंह ठाकुर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। विपक्ष की मांग है कि प्रज्ञा ठाकुर की सदस्यता रद्द हो।
ऐसे में मध्य प्रदेश के ब्यावरा से कांग्रेस विधायक गोवर्धन दांगी ने एक प्रदर्शन कार्यक्रम में भाग लेते प्रज्ञा ठाकुर को धमकी दी। दांगी ने कहा, ‘प्रज्ञा ठाकुर कभी आई तो उसका पुतला नहीं बल्कि उसे पूरा जला भी देंगे।”
#WATCH MP: Congress MLA from Rajgarh's Biaora, Govardhan Dangi reacts on BJP MP Pragya S Thakur referring to Nathuram Godse as 'deshbhakt' in Lok Sabha, says "…We condemn this. We will not just burn her effigy, if she ever sets her foot here, we will burn her too." (28.11) pic.twitter.com/7pCVbDaquB
— ANI (@ANI) November 29, 2019
प्रज्ञा के बयान को तूल पकड़ता देख भाजपा ने इससे किनारा करते हुए कहा कि पार्टी उनके बयान की कड़ी निंदा करती है। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने ठाकुर के बयान को निंदनीय बताते हुए उन्हें संसदीय समिति से हटाने की जानकारी दी।
प्रज्ञा ठाकुर ने अपने बयान पर उपजे विवाद पर गुरुवार को सफाई भी दी। प्रज्ञा ठाकुर ने कहा कि ‘उन्होंने ऊधम सिंह जी का अपमान नहीं सहा, बस।’ प्रज्ञा ने गुरुवार को ट्वीट कर लिखा, “कभी-कभी झूठ का बवंडर इतना गहरा होता है कि दिन में भी रात लगने लगती है। किंतु सूर्य अपना प्रकाश नहीं खोता, पलभर के बवंडर में लोग भ्रमित न हों, सूर्य का प्रकाश स्थाई है। सत्य यही है कि कल मैंने ऊधम सिंह जी का अपमान नहीं सहा, बस।”