केरल में मछुआरों संग मछली पकड़ने समुद्र में उतरे राहुल गांधी, देखें वीडियो

0

कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी मछुआरों के जीवन को करीब से देखने और समझने के लिए उनके साथ नौका में सवार होकर समंदर में डुबकी लगाई। नौका में सवार होकर वो केरल के कोल्लम तट पर समुद्र में गए और जब मछुआरों ने मछली पकड़ने के लिए जाल डाला तो वह भी बाकी मछुआरों के साथ पानी में उतर गए। राहुल तट पर पहुंचने से पहले करीब 10 मिनट तक मछुआरों संग तैरते रहे।

राहुल गांधी

समाचार एजेंसी पीटीआई (भाषा) की रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी ने जब देखा कि मछली पकड़ने के लिए जाल डालने के बाद कुछ मछुआरे नौका से समुद्र में छलांग लगा रहे हैं, तब वह भी पानी में उतर गये। उस वक्त नौका पर राहुल गांधी के एक निजी सुरक्षा अधिकारी भी थे। उनके साथ मौजूद कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि अपने साथ के मछुआरों से यह जानने के बाद कि उनके साथी पानी के अंदर जाल को ठीक से फैला रहे हैं, राहुल गांधी भी समुद्र में उतर गये।

पदाधिकारी ने कहा, ‘‘वह हमे बताए बगैर ही पानी में उतर गये। हम सभी दंग रह गये लेकिन वह बहुत सहज दिख रहे थे। वह करीब 10 मिनट तक पानी में रहे। वह एक अच्छे तैराक हैं।’’ राहुल गांधी नीली टी-शर्ट और खाकी पतलून पहने-पहने ही समुद्र में कूद गए। थंगासेरी तट पर लौटने के बाद राहुल गांधी ने अपने गीले कपड़े बदले। नौका पर 23 मछुआरे थे। राहुल के साथ अखिल भारतीय कांग्रेस समिति महासचिव के सी वेणुगोपाल और टी एन प्रतापन सहित पार्टी के चार नेता थे।

मछुआरों ने राहुल गांधी को ब्रेड और मछली करी खिलाई, जो उन्होंने नौका पर पकाई थी। सूत्रों ने बताया कि राहुल करीब ढाई घंटे समुद्र में रहे। उन्होंने मछुआरों द्वारा पकाई गई करी का लुत्फ उठाया। उन्होंने अपनी यात्रा के दौरान मछुआरा समुदाय की समस्याओं को भी सुना। नौका के मालिक बीजू लॉरेंस ने कहा कि कांग्रेस नेता ने उनसे उनके परिवार और आमदनी के स्रोत के बारे में पूछा।

Previous articleगुजरात स्टेडियम से सरदार पटेल का नाम हटाना प्रत्येक भारतीय का अपमान: कांग्रेस
Next articleCBSE Board Exams 2021: छात्रों को बड़ी राहत, 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा के लिए CBSE ने घटाया सिलेबस; अधिक जानकारी के लिए छात्र cbse.nic.in को करें फॉलो