अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहने वाली बिग बॉस की एक्स कंटेस्टेंट और बॉलीवुड की पूर्व अभिनेत्री पायल रोहतगी के खिलाफ मुंबई में शिकायत दर्ज कराई गई है। आरोप है कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, देश के पहले पीएम जवाहरलाल नेहरू तथा कांग्रेस परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की है।
फाइल फोटोसमाचार एजेंसी ANI के मुताबिक, पुणे पुलिस ने पायल रोहतगी के खिलाफ आईपीसी की धारा 153 (ए), धारा 500, धारा 505 (2) और 34 के तहत मामला दर्ज किया है। रोहतगी पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने महात्मा गांधी, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है।
पुणे जिला कांग्रेस महासचिव संगीता तिवारी ने शिवाजीनगर थाना में अभिनेत्री पायल रोहतगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने वीडियो बनाने को लेकर पायल रोहतगी के साथ-साथ एक अन्य अज्ञात आरोपी के खिलाफ भी शिकायत दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में कहा गया है कि पायल रोहतगी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और उनके परिवार के खिलाफ अपमानजनक वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया।