ऋषि कपूर के छोटे भाई राजीव कपूर का मंगलवार (9 फरवरी, 2021) को निधन हो गया है। राजीव कपूर 58 साल के थे। ख़बरों के मुताबिक, सुबह हार्ट अटैक पड़ने के बाद रणधीर कपूर उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर गए थे, लेकिन वहां उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। राजीव कपूर ने करीब एक बजे राजीव कपूर ने आखिरी सांस ली।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रणधीर कपूर ने इस दुखद खबर को कन्फर्म करते हुए कहा ‘मैंने अपना सबसे छोटा भाई राजीव खो दिया है। वह अब इस दुनिया में नहीं हैं। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की मगर बचा नहीं सके। मैं अभी अस्पताल में ही हूं और उनकी डेड बॉडी मिलने का इंतजार कर रहा हूं।’ नीतू कपूर ने भी इंस्टाग्राम पर राजीव कपूर की फोटो शेयर करते हुए उनके निधन की खबर को कन्फर्म किया है।
बता दें कि, अभी पिछले साल ही ऋषि कपूर की कैंसर से मौत हो गई थी। अभी परिवार उस दुख से उबर भी नहीं पाया था कि अब फिर से कपूर फैमिली पर मुसीबत आ पड़ी है। यह खबर सामने आते ही बॉलीवुड में शोक की लहर है। तुषार कपूर सहित कई बड़े सितारों ने उनके निधन पर दुख जताया है।
राजीव कपूर ने आरती सब्बरवाल से साल 2001 में शादी रचाई थी। लेकिन दोनों का यह रिश्ता ज्यादा दिन तक नहीं चल पाया और वे अपनी शादी के दो साल बाद ही एक दूसरे से अलग हो गए थे।
राजीव कपूर कुछ ही फिल्मों में नजर आए थे। उन्होंने ऋषि कपूर के लीड रोल वाली फिल्म ‘प्रेम ग्रंथ’ का डायरेक्शन भी किया था।