उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र के इकोना गांव में एक नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता का शव उसके घर के पास गन्ने के खेत में पेड़ से लटका मिला। यह घटना सामने आने के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। मृतका ने कुछ दिन पहले दुष्कर्म का केस दर्ज कराया था।
पुलिस के मुताबिक इसी गांव के रहने वाले मोनू शर्मा ने 25 सितंबर को 17 साल की किशोरी के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। मृतक के परिवार का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी थी। घटना के तुरंत बाद लड़की के परिवार ने शिकायत दर्ज कराई थी और पुलिस ने आईपीसी और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन आरोपी के फरार होने के कारण कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
परिजनों का आरोप है कि खुलेआम घूम रहे मोनू शर्मा को पुलिस अब तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वह लड़की और उसके रिश्तेदारों को धमका रहा था। वह उन्हें केस वापस लेने के लिए भी मजबूर कर रहा था।
इस बीच, रविवार को लड़की का शव गांव से महज 100 गज की दूरी पर गन्ने के खेत में पेड़ से लटका मिला। एक किसान ने शव देखा और परिवार को सूचना दी। मृतक के परिजनों का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या मोनू ने की है।
वहीं, इस मामले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। यूपी कांग्रेस ने अपने ट्वीट में लिखा, “अमरोहा में दुष्कर्म की शिकार नाबालिग पीड़िता की हत्या दुखद है। भाजपा राज में बेटियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है, सरकार चाहे जितने दावे कर ले लेकिन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।”
अमरोहा में दुष्कर्म की शिकार नाबालिग पीड़िता की हत्या दुखद है।
भाजपा राज में बेटियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है, सरकार चाहे जितने दावे कर ले लेकिन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।#भाजपा_गद्दी_छोड़ो pic.twitter.com/q9mvj8SZ3J
— UP Congress (@INCUttarPradesh) November 1, 2021
आदमपुर स्टेशन हाउस ऑफिसर (एसएचओ) सतीश कुमार आर्य ने पुष्टि की, मृतक दुष्कर्म पीड़िता थी। पिछले महीने मोनू शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि आरोपी फरार है। एसएचओ ने बताया कि पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या का नया मामला दर्ज कर लिया है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। (इंपुट: IANS के साथ)