BJP सांसद पूनम महाजन ने कहा- मैं भी हुई थी यौन शोषण की शिकार, कोई छेड़े तो थप्पड़ मारो

0

भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) की सांसद पूनम महाजन भी यौन शोषण का शिकार हो चुकी है, इसका खुलासा उन्होंने खुद एक कार्यक्रम में किया है। मुंबई नार्थ सेंट्रल से बीजेपी सांसद पूनम महाजन ने रविवार(1 अक्टूबर) को अहमदाबाद में भारतीय प्रबंधन संस्थान के छात्रों को संबोधित करते हुए यौन शोषण के बारे में बात करते हुए अपनी आपबीती लोगों के बीच रखी और कहा कि इस तरह की घटनाओं पर खुद पर दया दिखाने से काम नहीं चलेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि, अगर कोई आपको परेशान करता है तो उसे थप्पड़ मारिए।

फाइल फोटो- बीजेपी सांसद पूनम महाजन

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पूनम महाजन ने कहा कि हर भारतीय महिला को यौन शोषण से गुजरना पड़ा है, उन्होंने कहा कि इसमे मैं भी शामिल हूं। महिलाओं के साथ यौन शोषण पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं पर खुद पर दया दिखाने से काम नहीं चलेगा।

पूनम महाजन ने अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि मैं वरसोवा से वर्ली अपनी क्लास के लिए ट्रेन से जाया करती थी, क्योंकि उस वक्त मैं कार से जाने का खर्च नहीं उठा सकती थी, लेकिन उस वक्त जब कोई मुझे घूरता था तो खुद को दया की नजर से नहीं देखती थी।

उन्होंने छात्रों से कहा कि इस तरह की स्थिति में जब कोई गलत तरह से आपकी तरफ देखता है तो खुद को बेचारा न समझें। साथ ही उन्होंने कहा कि धरती पर सभी महिलाओं ने, खासकर भारत में, ऐसी परिस्थितियों का सामना किया है। उन्होंने कहा, ‘हर भारतीय महिला पर छींटाकशी की गई है या उसे गलत तरीके से छुआ गया है। ऐसा कुछ अनुभव होने पर खुद को बेचारा समझ तरस नहीं आना चाहिए।’

ख़बरों के मुताबिक, पूनम संस्थान में ‘ब्रेकिंग द ग्लास सीलिंग’ पर बोल रहीं थीं। इस पर बात करते हुए उन्होंने महिलाओं की सफलता को लेकर भारत को अमेरिका से काफी आगे बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिका में कोई महिला राष्ट्रपति नहीं हुई जबकि हमारे यहां महिलाएं राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री, सभी पदों पर रही हैं। इन लोगों ने ‘ग्लास सीलिंग’ को तोड़ा है।

यह हमपर है कि हम इस परंपरा को आगे बनाए रखें, हमे खुद को लाचार दिखाने की जरूरत नहीं है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कोई आपको परेशान करता है तो उसे थप्पड़ मारिए और यह नहीं सोचिए कि उसने ऐसा क्यों किया।

उन्होंने कहा कि राजनीति में पुरुष साधारण हो सकते हैं, महिलाएं नहीं। उन्होंने कहा, ‘महिलाएं साधारण नहीं रह सकतीं। हमें ताकत की जरूरत है और हमने यह दिखाया है।’ साथ ही उन्होंने भारतीय टीवी सीरियल्स पर निशाना साधते हुए कहा कि इन सीरियल्स ने महिलाओं की छवि को काफी खराब किया है।

9 दिसंबर 1980 को मुंबई में जन्मीं पूनम महाजन साल 2006 में अपने पिता के निधन के बाद राजनीति में सक्रिय हुई थी। साल 2014 के लोक सभा चुनाव में उन्होंने करीब 1.80 लाख वोटों से मुंबई नार्थ सेंट्रल से कांग्रेस की प्रिया दत्त को हराया था। बता दें कि, पूनम महाजन इस समय भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं, उनके पिता प्रमोद महाजन बीजेपी के वरिष्ठ नेता थे।

 

 

 

 

 

 

Previous articleAmit Shah invokes ‘fake’ Gujarati pride after ‘development gone crazy’
Next articleकांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अमेठी दौरे को जिला प्रशासन ने दी हरी झंडी