दिल्ली: हिमाचल के मंडी से BJP सांसद राम स्वरूप शर्मा की संदिग्ध हालत में मौत, फंदे से लटका मिला शव; खुदकुशी की आशंका

0

हिमाचल के मंडी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो बार के सांसद राम स्वरूप शर्मा रहस्यमय परिस्थितियों में बुधवार को अपने सरकारी आवास पर मृत पाए गए। वो 62 साल के थे। उनका शव बुधवार (17 मार्च) को दिल्ली आवास पर फंदे से लटका मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनके खुदकुशी की आशंका जताई जा रही है। खुदकुशी के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है, पुलिस मामले की जांच में जुटी गई है। उनकी मौत के बाद भाजपा ने अपने संसदीय दल की बैठक रद्द कर दी है।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सांसद ने फंदे पर लटकर जान दी है। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के मुताबिक, गेट अंदर से बंद था। स्टाफ ने फोन कर जानकारी दी है। पुलिस के आने पर गेट तोड़ा गया और अंदर पुलिस दाखिल हुई है। सांसद दिल्ली में गोमती अपार्टमेंट में रहते थे और ये अपार्टमेंट RML अस्पताल के पास है। राम स्वरूप शर्मा की मौत के बाद आज होने वाली भाजपा संसदीय दल की बैठक को रद्द कर दिया गया है।

शर्मा का जन्म 10 जून 1958 में मंडी जिले के जल्पेहर गांव में हुआ था। शर्मा 2014 और 2019 में मंडी संसदीय क्षेत्र से क्रमश: 16वीं और 17वीं लोकसभा के लिए चुने गए थे। 2019 के लोकसभा चुनाव में शर्मा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पूर्व दूरसंचार मंत्री सुखराम के पोते 32 वर्षीय कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा को हराया था।

सामान्‍य परिवार से संबंध रखने वाले रामस्‍वरूप शर्मा मूलत मंडी जिला के जोगेंद्रनगर के रहने वाले थे। संगठन के कार्यों में भी वह सक्रिय रहते थे। शर्मा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के करीबी माने जाते थे और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से लंबे समय से जुड़े हुए थे।

2014 के लोकसभा चुनाव में, शर्मा ने कांग्रेस सांसद प्रतिभा सिंह – जो छह बार के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी हैं, को बड़े अंतर से हराया था। तीन दिन पहले उन्होंने कोविड-19 के टीकाकरण की पहली खुराक ली थी। मंडी देश के सबसे बड़े संसदीय क्षेत्रों में से एक है, जिसमें किन्नौर और लाहौल-स्पीति की आदिवासी बहुल विधानसभा सीटों के अलावा कुल्लू, मंडी, चंबा और शिमला जिलों के कुछ क्षेत्र शामिल हैं। (इंपुट: एजेंसी के साथ)

Previous articleनोएडा: आधे बने मकान में मानव कंकाल मिलने से मचा हड़कंप, जांच में जुटी पुलिस
Next articleदिल्ली: कलयुगी बेटे ने थप्पड़ मारकर ली बुजुर्ग मां की जान, CCTV में कैद हुई घटना, वीडियो वायरल