उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात की भोगनीपुर विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक विनोद कटियार की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें वह देश के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत को श्रद्धांजलि देते समय ठहाके लगाते नजर आए। जिसके बाद भाजपा विधायक सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए है, लोग उनकी जमकर आलोचना कर रहे हैं।

दरअसल, भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानिय नेताओं ने कानपुर देहात के पुखरायां क्षेत्र में शुक्रवार को कैंडल मार्च और श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया था। सभा में क्षेत्रीय लोगों के साथ भोगनीपुर से विधायक विनोद कटियार और अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। इसी दौरान विनोद कटियार शुक्रवार की शाम श्रद्धांजलि सभा में ठहाके लगाते नजर आए।
ख़बरों के मुताबिक, सभा में लोगों ने टोका और 2 मिनट का मौन रखने के लिए कहा तो विधायक विनोद कटियार अचानक से जोर-जोर से ठहाके लगाने लगे। आसपास के लोगों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसके बाद भी उनका हंसना बंद नहीं हुआ। वो रुक-रुककर हंसते रहे।
भाजपा विधायक की यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर खूब वाय़रल हो रही है, जिसको लेकर वो अब सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए। लोग उनकी आचोलना करते हुए जमकर खरी-खोटी सुना रहे है।
एक ट्विटर यूजर ने भाजपा विधायक की तस्वीर शेयर करते हुए अपने ट्वीट में लिखा, “शहीदों के अपमान में भाजपा मैदान में। यह कानपुर देहात की भोगनीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक विनोद कटियार हैं। यहां श्रद्धांजलि सभा में आए थे… देखिये कैसे खीस निपोर रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे बेटे की बारात में द्वारचार करा रहे हैं। प्लीज डूब मरिये आप। शर्मनाक।”
#शहीदों के अपमान में भाजपा मैदान में
यह कानपुर देहात की भोगनीपुर विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक विनोद कटियार हैं। यहां श्रद्धांजलि सभा में आए थे…देखिये कैसे खीस निपोर रहे हैं।
ऐसा लग रहा है जैसे बेटे की बारात में द्वारचार करा रहे हैं। प्लीज डूब मरिये आप #शर्मनाक pic.twitter.com/vtshmDPj4o— Prashant Shukla (@JournoPrashant) December 10, 2021
पूर्व IAS अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा, “कल नशेड़ी पत्रकार की श्रद्धांजलि देखी। आज कानपुर के BJP विधायक विनोद कटियार की खिलखिलाती श्रद्धांजली देख लो।”
कल नशेड़ी पत्रकार की श्रद्धांजलि देखी।
आज कानपुर के BJP विधायक विनोद कटियार की खिलखिलाती श्रद्धांजली देख लो।#बिपीन_रावत_श्रद्धांजली pic.twitter.com/8SW2DuwkhD
— Surya Pratap Singh IAS Rtd. (@suryapsingh_IAS) December 10, 2021
बता दें कि, भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के नेता राकेश टिकैत जब बिपिन रावत और उनकी पत्नी मधुलिका रावत को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे तो उनके खिलाफ नारेबाजी की गई थी। वहां मौजूद लोगों ने किसान नेता के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
भारत के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और उनकी पत्नी की बुधवार को एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गई थी। जनरल रावत, उनकी पत्नी और 12 अन्य सशस्त्र बलों के जवानों को ले जा रहा सैन्य हेलीकॉप्टर तमिलनाडु में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जनरल रावत और उनकी पत्नी का अंतिम संस्कार शुक्रवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ किया गया। रावत और उनकी पत्नी के पार्थिव शरीर को उनकी बेटियों ने एक ही चिता पर मुखाग्नि दी।
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]