ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के प्रमुख और सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने गाय के मुद्दे पर ढोंग करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी(बीजेपी) पर जमकर निशाना साधा है। ओवैसी ने शनिवार(31 मार्च) को कहा कि ‘यह बीजेपी का ढोंग है कि गाय उनके लिए उत्तर प्रदेश में मम्मी है, लेकिन पूर्वोत्तर में यम्मी है।’
बता दें कि इससे पहले ओवैसी ने सोमवार को संसद में मामले को उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अवैध बूचड़खानों को जल्दबाजी में बंद करने की बजाय सरकार को उन्हें नियमन के लिए समय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत से भैंस के मांस के निर्यात का कारोबार 26,000 करोड़ रुपये का है और आधी से भी ज्यादा निर्यात इकाइयां उत्तर प्रदेश में हैं।
ओवैसी ने कहा कि सरकार के इन कदमों से आर्थिक समस्याएं पैदा होंगी। क्या सरकार इन निर्यातों को रोकना चाहती है? यदि ऐसा होता है तो पांच से 10 लाख लोग बेरोजगार हो जाएंगे। गौरतलब है कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अवैध बूचड़खानों पर रोक लगाने के बाद अब इसका असर बिहार में भी देखा जा रहा है।
खबरों के मुताबिक, पटना हाई कोर्ट ने निर्देश दिया था कि रोहतास में सभी अवैध बूचड़खानों को 6 हफ्तों के भीतर बंद कर दिया जाए। जिसके बाद बिहार में अवैध बूचड़खानों पर कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, 31 मार्च तक लाइसेंस रिन्यू नहीं होने के कारण रोहतास के बिक्रमगंज में जिला प्रशासन ने 7 बूचड़खाने सील कर दिए गए हैं।
वहीं, गुजरात में गोहत्या के खिलाफ देश का सबसे सख्त कानून पास किया गया। ये देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जहां गोहत्या पर उम्रकैद की सजा दी जाएगी। राज्य विधानसभा ने गुजरात पशु संरक्षण (संशोधन) अधिनियम 2011 शुक्रवार(31 मार्च) को पारित कर दिया।
इस अधिनियम के कानून बन जाने पर किसी भी आदमी को बीफ ले जाने पर भी उम्र कैद की सजा हो सकती है। इसके अलावा बीफ लाने- ले जाने और गाय काटने पर एक लाख रुपए से पांच लाख रुपए तक का जुर्माना भी लग सकता है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद ये कानून लागू हो जाएगा। इस कानून के लागू होने पर गुजरात में सिर्फ गायों ही नहीं, बछड़ों, सांड़ और भैंसों का कत्ल करने पर भी रोक लग जाएगी।