झारखंड में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को अपने उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी कर दी। इस सूची में भाजपा ने तीन और सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।
भाजपा ने अबतक कुल 71 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। आजसू से चल रही बातचीत के कारण भाजपा ने फिलहाल 10 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। आजसू से सीट बंटवारे पर वार्ता विफल होने की स्थिति में भाजपा सभी 81 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। भाजपा ने फिलहाल राज्य में आजसू से गठबंधन टूटने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है।
BJP announces fourth list of three candidates for #JharkhandElection2019 pic.twitter.com/aRSGzadV6e
— ANI (@ANI) November 16, 2019
झारखंड की सभी 81 सीटों पर 30 नवंबर से 20 दिसंबर के बीच 5 चरणों में मतदान होगा। नतीजे 23 दिसंबर को आएंगे। पिछली बार भी राज्य में पांच चरण में मतदान हुआ था। 81 सदस्यीय विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को खत्म हो रहा है। राज्य में अभी भाजपा और आजसू (ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन) की गठबंधन सरकार है।
झारखंड में कुल 81 विधानसभा सीटों में 2014 के विधानसभा चुनाव में भाजपा नें 37 सीटों पर कब्जा किया था और उसकी सहयोगी ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (AJSU) ने 5 सीटें जीती थी। 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में सरकार बनाने के लिए किसी पार्टी या गठबंधन को कम से कम 41 सीटों पर जीत हासिल करनी होगी। (इंपुट: आईएएनएस के साथ)