बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्रा का दिल्ली में सोमवार को निधन हो गया। वो काफी लंबे समय से बीमार थे। 82 वर्षीय जगन्नाथ मिश्रा तीन बार बिहार के सीएम रह चुके थे।
उनके निधन की जानकारी मिलते ही बिहार के राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर दौड़ गई है। भारतीय जनता पार्टी के सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, “बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ मिश्रा जी का निधन हो गया है ,प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे।”
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री श्री जगन्नाथ मिश्रा जी का निधन हो गया है ,प्रभु उनकी आत्मा को शांति दे।
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) August 19, 2019
अपनी राजनीतिक पकड़ की वजह से वो तीन बार बिहार के मुख्यमंत्री बने। उन्होंने कॉलेज के प्रोफेसर के रूप में अपना करियर शुरू किया था और बाद में बिहार विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर बने थे। जगन्नाथ मिश्र विश्वविद्याल में पढ़ाने के दौरान ही भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हुए थे और बाद में 1975 में पहली बार बिहार के मुख्यमंत्री बने। दूसरी बार उन्हें 1980 में कमान सौंपी गई और आखिरी बार 1989 से 1990 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे। वे 90 के दशक के बीच केंद्रीय कैबिनेट में मंत्री भी रहे।
बिहार में डॉक्टर मिश्र का नाम बड़े नेताओं के तौर पर जाना जाता है । कांग्रेस छोड़ने के बाद, वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए और फिर जनता दल (यूनाइटेड) में भी शामिल हुए।