देश के साथ-साथ बिहार में भी घातक कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार तेजी से बढ़ता जा रहा है। कोरोना वायरस से संक्रमित बिहार विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार सिंह की मंगलवार को देर शाम मृत्य हो गई। उनका इलाज पटना एम्स में चल रहा था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विधान पार्षद सुनील कुमार सिंह के निधन पर दुख जताया है। वहीं, उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी सिंह के निधन पर गहरा शोक जताया है।
दरभंगा जिला के बिरौल अनुमंडल के रजवा गांव निवासी सुनील कुमार सिंह में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर 13 जुलाई को इलाज के लिए उन्हें पटना स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था। पटना एम्स में कोरोना वायरस (कोविड-19) के नोडल अधिकारी डाक्टर संजीव कुमार ने बताया कि पार्षद ने मंगलवार देर शाम दम तोड़ दिया।
सुनील कुमार सिंह के निधन पर सीएम नीतीश कुमार ने शोक जताया। निधन की सूचना मिलते ही सीएम ने परिजनों को फोन कर ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि सामाजिक क्षेत्र में सुनील कुमार सिंह की गहरी रुचि थी। अपने काम की वजह से समाज के हर वर्ग में सम्मान प्राप्त किया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहने की क्षमता दें।
सुशील मोदी ने दिवंगत आत्मा की शांति व शुभचिंतकों, समर्थकों व परिजनों को धैर्य प्रदान करने की भी ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, “सुनील कुमार सिंह MLC दरभंगा कोरोना उपचार हेतु AIIMS पटना में भर्ती थे। हॉर्ट अटैक से मृत्यु हो गयी। हम सब लोग दुःखी है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।”
सुनील कुमार सिंह MLC दरभंगा COVID उपचार हेतु AIIMS पटना में भर्ती थे ।हॉर्ट अटैक से मृत्यु हो गयी।हम सब लोग दुःखी है।ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे ।@News18Bihar @ANI @ZeeBiharNews
— Sushil Kumar Modi (@SushilModi) July 21, 2020
भारत में कोरोना वायरस से 11 लाख 55 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। वहीं, अब तक 28 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच, बिहार में कोरोना वायरस से अब तक 198 लोगों की मौत हो चुकी है और संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 28,564 पहुंच गया है।