दिल्ली नगर निगम(एमसीडी) चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी में आपसी कलह थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार(20 अप्रैल) को दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाली बरखा शुक्ला सिंह को शुक्रवार(21 अप्रैल) को कांग्रेस ने पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते बाहर किया गया।
फाइल फोटो।बता दें कि गुरुवार को शुक्ला ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय माकन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही शुक्ला ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर भी उनकी बात को नजरअंदाज करने का आरोप मढ़ते हुए दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
हालांकि, उन्होंने यह साफ किया था कि वह कांग्रेस पार्टी में बनी रहेंगी। लेकिन पार्टी सूत्रों के मुताबिक, एमसीडी चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस बरखा शुक्ला से काफी नाराज थी।
बरखा ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था, जिसकी शिकायत उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से भी की थी। हालांकि, उनकी शिकायत के बाद भी अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिस वजह से नाराज होकर बरखा ने दिल्ली कांग्रेस की प्रदेश महिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।
साथ ही बरखा ने कांग्रेस उपाध्यक्ष पर हमला बोलते हुए कहा था कि MCD चुनाव में जब महिलाओं को टिकट नहीं दिए गए तब इस मुद्दे पर हम राहुल गांधी से मिलने पहुंचे थे, लेकिन उनका चपरासी भी मिलने तक नहीं आया। बरखा ने कहा कि 28 मार्च को हमने राहुल गांधी से मिलने की कोशिश की, लेकिन कुछ नहीं हो पाया।
कांग्रेस उपाध्यक्ष पर हमला बोलते हुए बरखा ने कहा कि राहुल से कांग्रेस संभल नहीं रही है। बरखा ने कहा कि एक अहम सवाल जो हमें पूछना चाहिए कि राहुल गांधी छिप क्यों रहे हैं? वे(राहुल) पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने से डरते क्यों हैं, जो उनसे सवाल पूछते हैं?
हालांकि, उन्होंने कहा कि वो जन्मजात कांग्रेसी हैं और पार्टी उनकी है, इसलिए वो पार्टी नहीं छोड़ेंगी। बता दें कि इससे पहले दिल्ली कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली मंगलवार(18 अप्रैल) को कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे।