कांग्रेस से निकाली गईं बरखा शुक्ला BJP में हुईं शामिल

0

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और अजय माकन पर आरोप लगाते हुए दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने वाली बरखा शुक्ला सिंह शनिवार (22 अप्रैल) दोपहर 1 बजे बीजेपी में शामिल हो गई हैं। बता दें कि, शुक्रवार (21 अप्रैल) को कांग्रेस पार्टी ने बरखा शुक्ला सिंह को 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। भाजपा में शामिल होते ही बरखा शुक्ला ने कहा कि, कांग्रेस पार्टी ने मुझे खुद निकाला था ना कि मैंने पार्टी छोड़ी थी।

आपको बता दें कि, गुरुवार को शुक्‍ला ने वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता अजय माकन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही शुक्‍ला ने कांग्रेस उपाध्‍यक्ष राहुल गांधी पर भी उनकी बात को नजरअंदाज करने का आरोप मढ़ते हुए दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, एमसीडी चुनाव से ठीक पहले कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस बरखा शुक्ला से काफी नाराज थी।

बरखा ने गुरुवार को आरोप लगाया था कि दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था, जिसकी शिकायत उन्होंने कांग्रेस आलाकमान से भी की थी। हालांकि, उनकी शिकायत के बाद भी अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जिस वजह से नाराज होकर बरखा ने दिल्ली कांग्रेस की प्रदेश महिला अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया।

बता दें कि इससे पहले दिल्ली कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली मंगलवार (18 अप्रैल) को कांग्रेस छोड़ बीजेपी में शामिल हो गए थे। लेकिन उसके बाद बरखा शुक्ला का बीजेपी में शामिल होना कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

Previous articleजम्मू-कश्मीर के हालात पर खतरे में BJP-PDP गठबंधन सरकार
Next article“Not only Muslims 70% Indians don’t vote” for BJP, Ravi Shankar Prasad condemned for his comments