दिल्ली में लगातार तीसरी बार सत्ता संभालने के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार (17 फरवरी) को अपने मंत्रियों के विभागों का बंटवारा कर दिया है। केजरीवाल ने अपने पास किसी भी विभाग की जिम्मेदारी नहीं रखी है।

दिल्ली जल बोर्ड (DJB) का जिम्मा सत्येंद्र जैन को सौंप दिया गया है, इससे पहले दिल्ली जल बोर्ड की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के पास थी। गोपाल राय को पर्यावरण मंत्रालय सौंपा गया है, जबकि इससे पहले कैलाश गहलोत के पास यह जिम्मेदारी थी। कुल मिलाकर 3 विभागों में मामूली बदलाव किए गए हैं।
- मनीष सिसोदिया- वित्त, शिक्षा, उच्च शिक्षा व तकनीकी शिक्षा, कला एवं संस्कृति व पर्यटन विभाग
- सत्येंद्र जैन- स्वास्थ्य, उद्योग, गृह, ऊर्जा, दिल्ली जल बोर्ड व शहरी विकास विभाग
- कैलाश गहलोत- परिवहन, राजस्व, कानून व प्रशासनिक सुधार विभाग
- गोपाल राय- श्रम, रोजगार, विकास व पर्यावरण विभाग
- राजेन्द्र पाल गौतम- समाज कल्याण के साथ महिला एवं बाल विकास
- इमरान हुसैन- खाद्य विभाग
बता दें कि, दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 में ऐतिहासिक जीत हासिल करने वाली आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार(16 फरवरी) को रामलीला मैदान में तीसरी बार दिल्ली के सीएम पद की शपथ ली थी। अरविंद केजरीवाल के साथ 6 अन्य मंत्रियों ने ली पद और गोपनीयता की शपथ ली थी।