राजस्थान में बहुजन समाज पार्टी (BSP) की प्रमुख मायावती को उन्हीं की पार्टी के विधायकों से बड़ा झटका लगा है। राज्य के सभी छह बसपा विधायक सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए हैं। बहुजन समाज पार्टी के सभी छह विधायकों ने राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी को इसके संबंध में एक पत्र भी सौंपा। विधानसभा अध्यक्ष सी पी जोशी ने इसकी पुष्टि की।

विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने पीटीआई (भाषा) को बताया कि ‘बसपा विधायकों ने उनसे मुलाकात की और विलय के बारे में एक पत्र उन्हें सौंपा।’ बसपा के छह विधायकों में राजेंद्र सिंह गुढ़ा, जोगेंद्र सिंह अवाना, वाजिब अली, लखन सिंह मीणा, संदीप यादव और दीपचंद शामिल हैं। बसपा विधायकों के कांग्रेस में विलय से प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार और अधिक मजबूत और स्थिर हो जाएगी।
कांग्रेस में शामिल एक विधायक ने कहा कि उन्होंने ऐसा अपने-अपने क्षेत्र के विकास के लिए किया है। कांग्रेस में शामिल हुए बीएसपी विधायक जोगिंदर सिंह ने इस पर बात की।
राजेंद्र सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “हम सभी ने जरुरी कागजात सब्मिट कर दिए हैं। ढेर सारी चुनौतियां थीं। एक तरफ हम राज्य में कांग्रेस सरकार का समर्थन कर रहे हैं और दूसरी तरफ हम उनके खिलाफ संसद चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में हमने हमारे निर्वाचन क्षेत्रों के विकास और राज्य के लोगों के कल्याण को देखते हुए यह कदम उठाया है।”
Joginder Singh Awana: So considering the development of our constituencies and welfare of the people of our state we have taken this step. https://t.co/H4qrF1nja7
— ANI (@ANI) September 16, 2019
प्रदेश की 200 सीटों वाली विधानसभा में अभी सत्ताधारी कांग्रेस पार्टी के 100 विधायक हैं और उसके सहयोगी राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के पास एक विधायक है। 200 सीटों वाली राजस्थान विधानसभा में भाजपा ने 75 सीटें जीती हैं। कांग्रेस ने अपने सहयोगी दल आरएलडी के एक विधायक की मदद से सरकार बनाई थी।