अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणबीर कपूर आज यानी 28 सितंबर को अपना 37वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर आम लोगों के साथ-साथ फिल्मी सितारों ने भी रणबीर को उनके जन्मदिन पर ढेरों शुभकामनाएं दे रहे हैं।
इस बीच, बॉलीवुड अभिनेत्री और उनकी खास दोस्त आलिया भट्ट ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से रणबीर कपूर की एक तस्वीर शेयर की है। आलिया ने रणबीर को जन्मदिन पर बधाई देते हुए उनके फोटो फैन्स के साथ शेयर की। आलिया द्वारा शेयर किए गए तस्वीर में रणबीर बिल्कुल हॉलिडे वाले मूड में दिख रहे। ब्लैक टीशर्ट में रणबीर के सिर पर हैट है, गले में शेड्स और उनके हाथों में दूरबीन। इस तस्वीर को शेयर करते हुए आलिया भट्ट ने कहा, ‘हैप्पी बर्थडे टू यू।’
आलिया भट्ट के इस पोस्ट पर फैन्स खूब कमेंट कर रहे हैं। इसके साथ ही आलिया की मां सोनी राजदान ने भी उनके पोस्ट पर कमेंट किया है। सोनी राजदान ने इस तस्वीर पर कमेंट करते हुए रणबीर को जन्मदिन की दी। उन्होंने लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे।’
रणबीर कपूर ने अपने बर्थडे पर बेहद ही शानदार पार्टी रखी। जिसमें उनके खास दोस्तों के अलावा तमाम बॉलीवुड सितारे भी शामिल हुए। रणबीर कपूर की बर्थडे पार्टी में दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह, आमिर खान, किरण राव, शाहरुख खान, गौरी खान, करण जौहर, जोया अख्तर, प्रीतम, अनुराग बसु शामिल हुए। रणबीर कपूर के पापा ऋषि कपूर और मां नीतू कपूर भी शामिल हुए। लेकिन इनमें रणबीर की गर्लफ्रेंड आलिया भट्ट गायब नजर आईं।
इसी बीच मां नीतू कपूर और आलिया संग रणबीर की एक फोटो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रही है। बता दें कि आलिया भट्ट और रणबीर कपूर की शादी के ख़बरें आए दिन खबरों में बनी रहती हैं। हाल ही में यह खबर भी आई थी कि इस साल के अंत तक दोनों की शादी हो सकती है। हालांकि, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
रणबीर कपूर ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘सांवरिया’ से की थी, फिल्म में उनके साथ सोनम कपूर नजर आई थी। पहली फिल्म तो फ्लॉप रही लेकिन रणबीर कपूर ने आगे अपने फिल्मी करियर में यूं तो एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं। इन फिल्मों के लिए रणबीर को तारीफें और अवॉर्ड भी खूब मिले हैं। लेकिन रणबीर बॉलीवुड के उन हीरोज में से हैं, जिन्हें लेकर कॉन्ट्रोवर्सीज भी कम नहीं हैं।