देशभर में तेजी से फैल रहे घातक कोरोना वायरस महामारी के बीच उत्तर प्रदेश से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, समाज को शर्मसार कर देने वाली है। आगरा में शादी में एक हलवाई ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक महिला के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया है।
दर्ज शिकायत के मुताबिक, महिला संग दुष्कर्म की घटना होने के बाद वह बेहोश हो गई थी। बाद में होश आने पर वह पुलिस चौकी शिकायत दर्ज करवाने के लिए गई। पीड़ित महिला शादी में खाना पकाने का काम संभाल रही थी। महिला की उम्र 30 साल के आसपास बताई जा रही है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक, आगरा ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता ने कहा, “महिला को मेडिकल जांच के लिए भेज दिया गया है। पीड़िता को उपचार के लिए एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
आगरा में मंगलवार को उसके पति की शिकायत के आधार पर बरहन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। एसपी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़ित महिला थाना एत्माद्दौला क्षेत्र की रहने वाली है। वह शादी समारोह में हलवाई के साथ पूड़ी बेलने का कार्य करती है। रविवार रात को वह बरहन क्षेत्र के सपा नेता के मैरिज होम में अपनी साथी महिला के साथ हलवाई के बुलाने पर काम करने गई थी।
आरोप है कि देर रात हलवाई गांव शेरखा निवासी प्रेम सिंह और उसका साथी काका उसे किसी काम के बहाने मैरिज होम के कमरे में ले गया। कमरे में तीन लोग और थे। पांचों लोगों ने उसे पकड़ लिया। प्रेम सिंह, काका और उनके तीन साथियों ने उससे दुष्कर्म किया। इससे वो बेहोश हो गई।