संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की अध्यक्ष सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली (उत्तर प्रदेश) सदर सीट से कांग्रेस नेत्री व युवा विधायक अदिति सिंह को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का नया राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किया गया है। इस संबंध में अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने गुरुवार (23 अगस्त) को एक विज्ञप्ति जारी कर मीडिया को जानकारी दी।
File Photoहालांकि इस संबंध में पहले से ही अटकलें लगाई जा रही थीं कि अदिति सिंह को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी कोई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दे सकते हैं। बता दें कि अमेरिका से बढ़ाई पूरी कर राजनीति में कदम रखने के साथ ही रायबरेली से पहली बार विधायक बनीं अदिति सिंह अब राष्ट्रीय फलक पर भी धमक जमा दी हैं। जानकारों की मानें तो अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव के मद्देनजर संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़ने के लिए विधायक पर दांव लगाया गया है।
इस खबर की पुष्टि करते हुए अदिति सिंह ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर लिखा है, “अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किये जाने पर मैं धन्यवाद देती हूं। मैं खुश हूं कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी, सोनिया गांधी जी और प्रियंका गांधी जी ने मुझ पर विश्वास जताया। मैं AIMC अध्यक्ष सुष्मिता देव जी को भी धन्यवाद देती हूँ। जय हिंद।”
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किये जाने पर मैं धन्यवाद देती हूं। मैं खुश हूं कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जी, सोनिया गांधी जी और प्रियंका गांधी जी ने मुझ पर विश्वास जताया। मैं AIMC अध्यक्ष सुष्मिता देव जी को भी धन्यवाद देती हूँ।जय हिंद। ? pic.twitter.com/kpSs290FCA
— Aditi Singh (@AditiSinghINC) August 23, 2018
राहुल गांधी से उड़ी थी शादी की अफवाहें
दरअसल, कुछ समय पहले ऐसी अफवाहें उड़ी थी कि अदिति सिंह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से शादी करने जा रही हैं। हालांकि बाद में अदिति ने इन अफवाहों को यह कहकर जोरदार खंडन किया था कि राहुल गांधी उनके भाई जैसे हैं।सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली में सोशल मीडिया पर सबसे पहले यह सुनने में आया था कि राहुल गांधी की जल्द ही अदिति सिंह के साथ शादी होने वाली है। हालांकि, अदिति सिंह ने इस मामले में चुप्पी तोड़ते हुए इन खबरों को अफवाह करार दिया था।
अदिति ने ट्वीट कर राहुल गांधी को भाई बताते हुए शादी की खबरों को झूठा करार दिया था, साथ ही लोगों से इस तरह की अफवाह ना फैलाने की गुजारिश भी की थी। बता दें, पिछले साल हुए यूपी विधानसभा चुनाव में अदिति सिंह ने 90 हजार से अधिक मतों के अंतर के साथ अपना पहला चुनाव जीतकर रायबरेली से विधायक बनी थीं।
अदिति के पिता अखिलेश सिंह भी यहां से पूर्व में कांग्रेस पार्टी के पांच बार विधायक रह चुके हैं। अदिति अमेरिका के ड्यूक यूनिवर्सिटी से मैनेजमेंट में मास्टर्स की पढ़ाई की हैं। माना जाता है कि अदिति सिंह, प्रियंका वाड्रा की बेहद करीबी हैं और उन्हीं के कहने पर राजनीति में कदम रखा। अमेरिका में पढ़ाई करने के बाद राजनीति में कदम रखना स्थानीय युवाओं को काफी पसंद आया।