बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता रणबीर कपूर कोरोनो वायरस से संक्रमित पाए गए हैं, उनकी मां नीतू कपूर ने इसकी पुष्टि की है। रणबीर कपूर की मां नीतू सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए इस बात की पुष्टि कर दी है कि रणबीर कपूर कोरोना पॉजिटिव हो गये हैं।
नीतू सिंह ने रणबीर कपूर की एक तस्वीर साझा करते हुए अपने पोस्ट में लिखा, “आप सभी की चिंताओं और शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया। रणबीर का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव निकला है। वे इसकी दवाइयां ले रहे हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।” नीतू ने आगे लिखा, “वो सेल्फ क्वारंटीन हो गये हैं और इसे लेकर सभी तरह के एहतियात बरत रहे हैं।”
गौरतलब है कि, कुछ महीने पहले रणबीर की मां और एक्टर नीतू सिंह अपनी अपकमिंग फिल्म ‘जुग जुग जियो’ की शूटिंग के दौरान कोरोना से संक्रमित हो गई थीं। उनके को-एक्टर वरुण धवन भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे। हालांकि, नीतू और वरुण दोनों कुछ दिन बाद ठीक हो गए थे। इस बात की जानकारी दोनों ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर अपने फैंस को दी थी।
वर्क फ्रंट की बात करें तो रणबीर इन दिनों कई प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। वे आलिया भट्ट के साथ डायरेक्टर अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन, नागार्जुन और मौनी रॉय भी लीड रोल में हैं। रणबीर डायरेक्टर लव रंजन की एक अनटाइटल्ड फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ दिखाई देंगे। इसके अलावा वे संदीप रेड्डी वांगा की ‘एनिमल’ में भी नजर आएंगे। इस फिल्म में परिणीति चोपड़ा, अनिल कपूर और बॉबी देओल भी मुख्य भूमिका में हैं।