रूस की राजधानी मॉस्को में रविवार को एक यात्री विमान के आपातकालीन लैंडिंग के दौरान विमान में अचानक आग लग गई, जिसमें दो बच्चों सहित 41 लोगों की मौत हो गई।
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें विमान से आग की लपटें और धुआं उठते हुए देखा जा सकता है। हालात पर काबू पाने के लिए लैडिंग के तुरंत बाद बचावकर्मियों की टीम मौके पर पहुंच गई। रूसी अधिकारियों ने कहा था कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने के 13 घंटे बाद मौत की पुष्टि हुई है।
सोशल मीडिया पर विमान हादसे के कुछ वीडियो सामने आए हैं जो हैरान करने वाले हैं। वायरल एक वीडियो में विमान आग की तेज लपटों के बीच लैंडिंग के लिए रनवे पर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। इस वीडियो में विमान के पिछले हिस्से से आग की लपटें और धुएं का गुब्बार उठता नजर आ रहा है। एक अन्य वीडियो में, भयभीत यात्रियों को सुरक्षा के लिए उतरते हुए भी देखा जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सुखोई यात्री विमान ने मॉस्को एयरपोर्ट से उत्तरी रूस के मरमांस्क शहर के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 73 यात्री और 5 क्रू मेंबर सवार थे। दुर्घटना की जांच कर रही टीम की प्रवक्ता स्वेतलाना पेट्रेन्को ने कहा कि विमान में मौजूद 78 लोगों में से सिर्फ 37 लोग जीवित हैं, यानी 41 लागों की मौत हो गई है। मरने वालों में दो बच्चे भी शामिल हैं।