उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भले ही महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लाख दावे कर रही हो, लेकिन हकीकत इससे काफी दूर है। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था सवालों के घेरे में है। राज्य से रोज मासूम बच्चियों और महिलाएं से रेप व छेड़छाड़ की कोई न कोई घटनाएं सामने आती ही रहती है, जो चीख-चीखकर बता रही हैं कि यूपी में महिलाएं कहीं भी सुरक्षित नहीं है। इस बीच, संभल जिले में गन्ने के खेत में एक अज्ञात महिला का नग्न शरीर मिला हैं, जिसपर कई चोटों के निशान हैं। वहीं, कानपुर के एक स्थानीय कॉलेज में एमएससी कर रही 19 वर्षीय छात्रा रहस्यमय परिस्थितियों में मृत मिली। इन घटनाओं के सामने आने के बाद एक बार फिर से राज्य में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे है।
गन्ने के खेत में मिला अज्ञात महिला का नग्न शव
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में गन्ने के खेत में एक अज्ञात महिला का नग्न शरीर मिला हैं, जिसपर कई चोटों के निशान हैं। पुलिस ने कहा कि शव को एक बोरे में रखा गया था और महिला की हत्या संभवत: कहीं और की गई, फिर उसे मूसापुर गांव में खेत में फेंक दिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है ताकि पता लगाया जा सके कि उसका यौन शोषण हुआ या नहीं।
अतिरिक्त एसपी आलोक कुमार जायसवाल ने कहा, शरीर पर कई चोटों के निशान थे। ऐसा लगता है कि उसकी मौत सिर में चोट लगने से हुई है। महिला को एक अलग जगह पर मार दिया गया और फिर आरोपी ने उसके शरीर को यहां फेंक दिया। हमने प्राथमिकी दर्ज की है। हत्या के लिए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके अलावा, उसकी पहचान स्थापित करने की कोशिश जारी है।
रहस्यमय परिस्थितियों में पाया गया 19 वर्षीय लड़की का शव
उत्तर-प्रदेश के कानपुर के एक स्थानीय कॉलेज में एमएससी कर रही 19 वर्षीय छात्रा रहस्यमय परिस्थितियों में मृत मिली। सीओडी ब्रिज के पास लड़की बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। सूचना मिलने पर परिजन उसे कांशीराम अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पीड़िता के सहपाठी पर हत्या का आरोप लगाया है।
उसके पिता सुरदर्शन यादव ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी स्थानीय डिग्री कॉलेज से एमएससी (प्रथम वर्ष) कर रही थी। बुधवार को वह यह कहकर घर से निकली थी कि वह लैपटॉप खरीदने के लिए एक फॉर्म भरने जा रही है। उन्होंने कहा, आमतौर पर कॉलेज से लौटने के बाद वह दो घरों के लिए ट्यूशन लेती थी और हर दिन शाम 7 बजे तक घर लौटती थी।
हालांकि, बुधवार की शाम को जब वह घर नहीं लौटी तो हमने उसके फोन पर संपर्क करना शुरू कर दिया, लेकिन उसने हमारे कॉल का जवाब नहीं दिया। बाद में गुरुवार की तड़के किसी ने फोन उठाया और हमें बताया कि वह सीओडी पुल के नीचे पड़ी है। हम वहां पहुंचे और उसे कांशीराम अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़की के नाक और गले पर चोट के निशान थे, जिससे परिवार को लगा कि शायद उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है।
डीसीपी पूर्वी प्रमोद कुमार सिंह ने कहा, परिवार के सदस्य की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल पाएगा। शिकायत व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (इंपुट: IANS के साथ)
[Please join our Telegram group to stay up to date about news items published by Janta Ka Reporter]