पिछले साल बारिश के दौरान मुंबई के सड़को और गड्ढों पर गाना बनाकर बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) का मजाक उड़ाने वालीं जानी-मानी रेडियो जॉकी मलिष्का एक बार फिर चर्चा में हैं। पिछले साल की तरह एक बार फिर मलिष्का ने अपने चिर-परिचित अंदाज में बीएमसी को निशाने पर लिया है। मुंबई रेड एफ एम रेडियो की लोकप्रिय आवाज आरजे मलिष्का ने फिल्म ‘सैराट’ के मशहूर मराठी गाने ‘झिंगाट’ की पैरोडी बनाई है। इस गाने के बोल पर मलिष्का ने प्रशासन और सरकार की आलोचना की है। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
मलिष्का के इस गाने का नाम है ‘मॉनसून सॉन्ग विद मलिष्का’। मराठी भाषा में गाए गए इस गाने के जरिए मलिष्का ने बारिश से लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर बीएमसी पर तंज कसा है। बता दें कि इस मॉनसून में हुई बारिश ने मुंबई को पानी-पानी कर दिया है। न्यूज चैनलों, अखबारों और सोशल मीडिया पर मुंबई में बारिश की कई सारी तस्वीरें सामने आई हैं। सड़कों पर बने गड्ढों की वजह से कई हादसे भी मुंबई में हुए हैं।
इस बार की तरह पिछले साल भी मलिष्का ने अपनी टीम के साथ मुंबई के गड्ढों को लेकर BMC पर एक गाना गाया था जो काफी वायरल हुआ था। गाना वायरल होने के बाद बीएमसी की बहुत बदनामी हुई थी। गाना वायरल होने के बाद मलिष्का BMC और शिवसेना के निशाने पर आ गई थीं। शिवसेना ने मलिष्का के इस वीडियो का विरोध भी किया था।
दरअसल, हर साल की तरह इस बार की बारिश में भी मुंबई की सड़कों पर गड्ढों की भरमार और उसमें भरे पानी से लोगों को जीना मुश्किल हो गया है। इसी मुद्दे पर प्रमुखता से उठाते हुए मलिष्का ने एक बार फिर वीडियो के जरिए बीएमसी पर कटाक्ष किया है।
देखिए वीडियो
RED FM – Monsoon Song with Malishka
My Malishka is here with Monsoon Song 2018!#MumbaiKhadyat
Posted by Red FM on Tuesday, July 17, 2018